बिहार

सुबह 11:45 बजे तक बंद मिला भंगही स्वास्थ्य उपकेंद्र, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

अररिया, रंजीत ठाकुर। नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के भंगही पंचायत स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र में स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही सामने आई है। गुरुवार को सुबह 11:45 बजे तक स्वास्थ्य उपकेंद्र के मुख्य दरवाजे पर ताला लटका मिला। निर्धारित समय के दौरान स्वास्थ्य केंद्र बंद रहने से ग्रामीणों को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने पर सवाल खड़े हो गए हैं।

मौके पर स्वास्थ्य उपकेंद्र बंद रहने की तस्वीर भी सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य उपकेंद्र समय पर नहीं खुलने और कर्मियों के नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहने की शिकायतें लगातार मिलती रहती हैं। ऐसे में जरूरतमंद मरीजों को प्राथमिक उपचार के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित स्वास्थ्य उपकेंद्र का इस तरह बंद रहना विभागीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा करता है।

इस मामले में भंगही पंचायत के पंचायत समिति सदस्य शंकर मंडल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पंचायत की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। स्थानीय ग्रामीणों से लगातार शिकायत मिलती रहती है कि अस्पताल समय पर नहीं खुलता और स्वास्थ्य कर्मी भी निर्धारित समय पर नहीं पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की लिखित शिकायत जिला पदाधिकारी, अररिया से की जाएगी तथा स्वास्थ्य उपकेंद्र की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग उठाई जाएगी। वहीं, इस संबंध में नरपतगंज के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि संबंधित कर्मियों की लापरवाही सामने आती है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में कितनी गंभीरता दिखाता है और भंगही स्वास्थ्य उपकेंद्र में नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं संचालित कराने के लिए क्या कदम उठाता है।

Related posts

अमेरिका-कनाडा के नागरिकों से करोड़ों की ठगी करने वाले फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़

सत्तार कॉलेज ऑफ एजुकेशन में धूमधाम से मना बाल दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

हॉस्टल के कमरे में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, धुएं से मची अफरातफरी