फुलवारीशरीफ, अजीत। फुलवारीशरीफ नगर परिषद में चुनाव कराने और वार्डों के परिसीमन को लेकर चल रहा विवाद अब पटना हाईकोर्ट पहुंच गया है. नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद आफताब आलम ने इस मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाते हुए चुनावी प्रक्रिया में हो रही देरी और वार्डों की संख्या 28 से बढ़ाकर 38 किए जाने को लेकर सवाल उठाए हैं. उनकी याचिका में बिहार राज्य निर्वाचन आयोग, नगर विकास एवं आवास विभाग, पटना के जिलाधिकारी और फुलवारीशरीफ नगर परिषद के प्रशासक समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को प्रतिवादी बनाया गया है।
इस याचिका के सामने आने के बाद फुलवारीशरीफ की नगर परिषद राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. लंबे समय से नगर परिषद में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की जगह प्रशासकीय व्यवस्था लागू रहने के बीच अब चुनाव कराने की मांग ने राजनीतिक बहस को नया मोड़ दे दिया है. पूर्व अध्यक्ष की ओर से अदालत में उठाए गए सवालों के केंद्र में वार्ड परिसीमन की प्रक्रिया, उसकी अधिसूचना और नगर निकाय चुनाव की समयसीमा है।
हाईकोर्ट में उपलब्ध मामले के रिकॉर्ड के मुताबिक याचिका 3 अक्टूबर 2026 को दाखिल की गई थी, जबकि 13 अक्टूबर को इसका पंजीकरण हुआ. इसके बाद 2 नवंबर 2026 को मुख्य न्यायाधीश की अदालत में मामले पर आदेश जारी हुआ. अब इस प्रकरण में अगली सुनवाई 7 दिसंबर 2026 को निर्धारित है. याचिका में 28 वार्डों से बढ़ाकर 38 वार्ड किए जाने की प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता की मांग की गई है. साथ ही चुनाव कराने की दिशा में संबंधित अधिकारियों और निर्वाचन आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।
मोहम्मद आफताब आलम का कहना है कि नगर परिषद में निर्वाचित बोर्ड की जगह प्रशासकीय व्यवस्था चल रही है और चुनाव में देरी से स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधित्व प्रभावित हो रहा है. वार्डों की संख्या बढ़ाने के बाद परिसीमन और चुनाव की प्रक्रिया किस चरण में है, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए. हालांकि, याचिका की मूल मांगों और 2 नवंबर के न्यायालयी आदेश का पूरा आधिकारिक पाठ उपलब्ध नहीं होने के कारण अदालत ने किन बिंदुओं पर क्या निर्देश दिया है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। इस मामले को लेकर अब नगर परिषद के राजनीतिक हलकों के साथ आम नागरिकों की निगाहें भी हाईकोर्ट की अगली सुनवाई पर टिक गई हैं. 7 दिसंबर को होने वाली सुनवाई में परिसीमन और चुनाव से जुड़े मामले पर अदालत का रुख महत्वपूर्ण हो सकता है. इससे फुलवारीशरीफ में आगामी नगर निकाय चुनाव की दिशा और समयसीमा को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद की जा रही है।
