फुलवारीशरीफ, अजीत। सोशल मीडिया पर रील बनाकर वायरल होने की सनक किस हद तक खतरनाक हो सकती है, इसका एक सनसनीखेज मामला फुलवारी शरीफ में सामने आया है. सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने और रील वायरल करने की चाह में दो महिलाओं ने डेढ़ साल के मासूम का अपहरण कर लिया. अपहरण के बाद बच्चे को एक निसंतान दंपती को सौंपने की साजिश रची गई थी. पुलिस के अनुसार, दंपती के यहां बच्चा नहीं होने के कारण मासूम को उन्हें देने की योजना बनाई गई थी. इसके बाद बच्चे के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की तैयारी थी. हालांकि, फुलवारी शरीफ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया. इस मामले में दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
कपड़े दिलाने का लालच देकर बच्ची को ले गई थीं महिलाएं-
घटना सात नवंबर की सुबह की है. छपरा जिले के परसा थाना क्षेत्र की रहने वाली मान्ती देवी अपने पति श्रवण पासवान के साथ फुलवारी शरीफ के साकेत बिहार में लखन पासवान के घर के पास किराये पर रहती हैं. सात नवंबर को मान्ती देवी की आठ वर्षीय बेटी नैना कुमारी अपने दो छोटे भाइयों सूर्या राज (पांच वर्ष) और अंगराज (डेढ़ वर्ष) के साथ घर के आसपास खेल रही थी. इसी दौरान अंजू देवी और मधु कुमारी वहां पहुंचीं. दोनों महिलाओं ने बच्ची को बहला-फुसलाकर कपड़े दिलाने का लालच दिया. उन्होंने नैना से कहा कि वह अपने दोनों भाइयों को लेकर उनके साथ चले, वे सभी को नए कपड़े खरीदकर देंगी।
बच्ची महिलाओं की बातों में आ गई और दोनों भाइयों के साथ उनके पीछे चल दी. महिलाएं बच्चों को लेकर अनीसाबाद स्थित मानिकचंद तालाब के पास पहुंचीं. वहां एक महिला ने नैना से कहा कि वह जाकर नहा ले, तब तक वह उसके दोनों छोटे भाइयों को संभालती है. बच्ची जब नहाकर वापस लौटी तो देखा कि महिला उसके डेढ़ साल के भाई अंगराज को लेकर भाग रही है. बच्ची ने महिला को रोकने और अपने भाई को छुड़ाने की काफी कोशिश की, लेकिन आरोपित महिला मासूम को लेकर फरार हो गई. इसके बाद दोनों महिलाएं बच्चे को लेकर अपने साथियों तक पहुंच गईं.हालांकि 8 साल की बच्ची ने अपने 5 साल के भाई सूर्य को महिलाओं के चंगुल से बचाने में कामयाब रही।
निसंतान दंपती को सौंपने की रची गई थी साजिश-
पुलिस की जांच में सामने आया कि इस पूरे मामले के पीछे एक सुनियोजित साजिश थी. हरनीचक महुली टोला में शेखर गुप्ता के मकान में किराये पर रहने वाली अंजू देवी सोशल मीडिया पर रील बनाती थी. उसे अपनी रील को वायरल करने और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने का शौक था. पुलिस के अनुसार, इसी सनक में उसने मधु कुमारी के साथ मिलकर मासूम के अपहरण की योजना बनाई थी।
जांच में यह भी पता चला कि अरवल जिले के किंजर थाना क्षेत्र के रहने वाले श्रवण कुमार और रमेश प्रसाद के यहां बच्चा नहीं था. इसी का फायदा उठाकर अपहृत बच्चे को इस दंपती को सौंपने की योजना बनाई गई थी. आरोप है कि बच्चे को दंपती के हवाले करने के बाद उसके साथ रील बनाई जाती और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया जाता. इस तरह बच्चे के अपहरण को सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने का जरिया बनाने की तैयारी थी. पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि बच्चे को सौंपने के बदले किसी तरह की आर्थिक सौदेबाजी हुई थी या नहीं और इस साजिश में अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं है।
सीसीटीवी फुटेज से खुला अपहरण का राज
इधर, बच्चे के गायब होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया. मां मान्ती देवी और पिता श्रवण पासवान ने काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद परिजनों ने फुलवारी शरीफ थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. मासूम के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी फुलवारी शरीफ नारायण उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
थानाध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शाहबाज आलम, दरोगा एकता कुमारी और भावना कुमारी को जांच और छापेमारी की जिम्मेदारी दी गई. पुलिस ने सबसे पहले घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए. साकेत बिहार और आसपास के रास्तों के फुटेज की जांच के दौरान दो महिलाएं बच्चों को लेकर मानिकचंद तालाब की ओर जाती दिखाई दीं. इसके बाद पुलिस ने फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान करने और उनके ठिकाने तक पहुंचने के लिए छापेमारी शुरू की।
पहले दोनों महिलाएं गिरफ्तार, फिर दो पुरुष पुलिस की गिरफ्त में-
सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर अंजू देवी और मधु कुमारी को गिरफ्तार कर लिया. दोनों से अलग-अलग पूछताछ की गई. पूछताछ में बच्चे को अरवल जिले के किंजर थाना क्षेत्र से जुड़े लोगों को सौंपने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल आगे की कार्रवाई करते हुए श्रवण कुमार और रमेश प्रसाद को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर अपहृत डेढ़ साल के मासूम अंगराज को सकुशल बरामद कर लिया. इसके बाद बच्चे को उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया. करीब 12 घंटे तक अपने कलेजे के टुकड़े से दूर रहे माता-पिता ने बच्चे को सुरक्षित देखकर राहत की सांस ली. घर में बच्चे की वापसी के बाद परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
रील बनाने की सनक और अपहरण के नेटवर्क की जांच
इस घटना ने सोशल मीडिया पर रील बनाने और वायरल होने की अंधी दौड़ के खतरनाक पहलू को उजागर कर दिया है. पुलिस अब गिरफ्तार चारों आरोपितों से पूछताछ कर रही है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अपहरण की योजना कब बनाई गई, बच्चे को सौंपने के बदले कोई सौदा हुआ था या नहीं और इस साजिश में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं. इसके अलावा आरोपित महिलाओं की पूर्व की गतिविधियों और इस तरह की किसी अन्य घटना में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
एएसपी फुलवारी शरीफ नारायण उपाध्याय ने बताया कि बच्चे के अपहरण की शिकायत मिलते ही पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू कर दी थी. सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस टीम आरोपितों तक पहुंची. त्वरित छापेमारी कर दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. अपहृत डेढ़ साल के बच्चे को 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
