पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव का 37वां जन्मदिन रविवार को पटना स्थित राजद के प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में सामाजिक सद्भाव दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर हजारों की संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ताओं के बीच 37 पाउंड का केक काटकर जन्मदिन मनाया। इस दौरान केक एवं मिठाइयां भी वितरित की गईं। कार्यकर्ताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए जमकर जश्न मनाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने की, जबकि संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. तनवीर हसन एवं प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने तेजस्वी यादव को शॉल एवं बुके भेंटकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के प्रति नेताओं और कार्यकर्ताओं का विश्वास एवं समर्थन सामाजिक सद्भाव और बिहार की राजनीति को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वहीं, तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि सभी नेता और कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ लालू प्रसाद यादव के विचारों को आगे बढ़ाएं। नफरत की राजनीति को समाप्त कर नौकरी और रोजगार की राजनीति को मजबूत बनाने में सहभागी बनें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सकारात्मक सोच के साथ संघर्ष एवं आंदोलन के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने तथा गांव-गांव और घर-घर तक लालू प्रसाद यादव का संदेश पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नफरतवादी राजनीति को परास्त करने के लिए एकजुट होकर काम करना होगा। साथ ही जन्मदिन समारोह में शामिल होने वाले नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
समारोह में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, बिनु यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. कांति सिंह, पूर्व विधान परिषद उपसभापति डॉ. रामचंद्र पूर्वे, सांसद अभय कुमार कुशवाहा, डॉ. सुनील कुमार सिंह, पूर्व मंत्री अशोक कुमार सिंह, आलोक कुमार मेहता, समीर कुमार महासेठ, विजय प्रकाश यादव, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव सहित कई वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर विधान पार्षद डॉ. उर्मिला ठाकुर ने तेजस्वी यादव को चांदी का मुकुट भेंटकर जन्मदिन की बधाई दी। कार्यक्रम में पार्टी के कई विधायक, विधान पार्षद, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
