अररिया, (न्यूज़ क्राइम 24) रंजीत ठाकुर : दीपावली एवं काली पूजा के पावन अवसर पर फुलकाहा स्थित सार्वजनिक काली मंदिर में सोमवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। रविवार की देर रात विधि-विधान के साथ निशा पूजा संपन्न होने के बाद सोमवार को मां काली का पट खुलते ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पट खुलने के साथ ही पूरा मंदिर परिसर मां काली के जयकारों से गूंज उठा। सुबह से ही माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर तक जारी रहा।
मां के दिव्य स्वरूप का दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। किसी ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की तो किसी ने घर-परिवार में शांति, खुशहाली और आरोग्य की मन्नत मांगी। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भारी भीड़ के बीच पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर रहा। मंदिर में आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और धार्मिक अनुष्ठानों ने दीपावली की रौनक को और भी भव्य बना दिया। धूप, दीप, अगरबत्ती और मंत्रोच्चार के बीच मां की आराधना से मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत नजर आया।
पूजा समिति के सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर सक्रिय रहे। पूजा समिति के अध्यक्ष सह नवाबगंज मुखिया प्रतिनिधि ने स्वयं पूजा स्थल और पंडाल की व्यवस्था की निगरानी की। उन्होंने कहा कि मां काली के दरबार में जो भी भक्त सच्चे मन और श्रद्धा से आते हैं, माता उनकी मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण करती हैं। मां के प्रति लोगों की अटूट आस्था ही इस मंदिर की सबसे बड़ी पहचान है।
मंदिर के पुजारी महानन्द झा ने बताया कि सार्वजनिक मां काली मंदिर फुलकाहा का विशेष धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। पहले यहां टीन की छत और बांस की घेराबंदी वाली झोपड़ीनुमा संरचना में मां काली की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाती थी। उस दौर में भी श्रद्धालुओं की गहरी आस्था देखने को मिलती थी। समय के साथ भक्तों के सहयोग से मंदिर का स्वरूप विकसित हुआ और आज पक्के भवन में मिट्टी की आकर्षक प्रतिमा स्थापित कर पूरे विधि-विधान से पूजा की जा रही है। उन्होंने कहा कि मां काली के दरबार में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था है और भक्त पूरी श्रद्धा के साथ माता की आराधना करते हैं।
1979 से चली आ रही मां काली की पूजा की परंपरा
स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार सार्वजनिक काली मंदिर की स्थापना वर्ष 1979 में स्थानीय लोगों के सामूहिक सहयोग से की गई थी। उस समय टीन की छत और बांस की घेराबंदी के बीच मां काली की प्रतिमा स्थापित कर पूजा शुरू की गई थी। तभी से प्रत्येक वर्ष श्रद्धा और परंपरा के साथ मां काली की आराधना होती आ रही है। मंदिर की एक खास पहचान यहां लगने वाला भव्य मेला भी रहा है। दुर्गा पूजा की समाप्ति के बाद मंदिर के मेला परिसर में करीब तीन महीने तक आकर्षक मेले का आयोजन होता था, जिसमें दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते थे। हालांकि अब मेले का आयोजन बंद हो चुका है, लेकिन मां की पूजा-अर्चना और श्रद्धालुओं का उत्साह आज भी पहले की तरह बरकरार है।
दीपावली की रोशनी के बीच मां काली के जयकारों और भक्तों की श्रद्धा ने फुलकाहा को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। मंदिर में उमड़ी भीड़ इस बात की गवाह बनी कि समय बदला, मंदिर का स्वरूप बदला और मेले की परंपरा थम गई, लेकिन मां काली के प्रति लोगों की आस्था आज भी अटूट है।
