अररिया, रंजीत ठाकुर : नरपतगंज बाजार के दुर्गा मंदिर हटिया चौक स्थित खालिद मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी के पांच मोबाइल, एक ड्रोन कैमरा, एक डीएसएलआर कैमरा समेत कई कीमती सामान बरामद किए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को यह सफलता मिली है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते 6 नवंबर की रात चोरों ने दुर्गा मंदिर हटिया चौक के समीप स्थित खालिद मोबाइल दुकान का शटर काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर दुकान में रखे मोबाइल, ड्रोन कैमरा, डीएसएलआर कैमरा सहित अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद दुकानदार चिक्कू उर्फ खालिद के लिखित आवेदन पर नरपतगंज थाना में कांड संख्या 719/26, दिनांक 7 नवंबर 2026 को धारा 334(1), 303(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई एसआईटी
घटना की गंभीरता को देखते हुए फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर त्वरित छापेमारी की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मधुरा उत्तर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-13 निवासी प्रदीप मंडल, पिता स्व. सीताराम मंडल, अमोद कुमार मंडल, पिता प्रदीप मंडल तथा सचिन कुमार, पिता प्रदीप मंडल के रूप में हुई है।
चोरी का सामान बरामद, अन्य आरोपितों की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी के पांच मोबाइल, एक ड्रोन कैमरा, एक डीएसएलआर कैमरा, तीन मोबाइल चार्जर और एक ब्लूटूथ बरामद किया है। तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, इस कांड में शामिल अन्य अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस कार्रवाई में नरपतगंज थानाध्यक्ष पु.नि. संजय कुमार, पु.अ.नि. राजू उर्फ जितेंद्र कुमार, पु.अ.नि. समरजीत कुमार, पु.अ.नि. ईश्वर मांझी सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे। मामले की जानकारी अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
