फुलवारीशरीफ, अजीत। जानीपुर थाना क्षेत्र के सिमरा गांव के पास पटना रोड पर मंगलवार की सुबह करीब 6:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला होमगार्ड जवान सोनी कुमारी और विजय सिंह की मौत हो गयी. टैंक लॉरी और टेंपो के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद टैंक लॉरी अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी और पुलिस को घटना की सूचना दी गयी. हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. नहर में गिरे भारी-भरकम टैंक लॉरी को बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी और दो क्रेन की मदद लेनी पड़ी. काफी मशक्कत के बाद टैंक लॉरी को नहर से बाहर निकाला गया।
डीसीपी ट्रैफिक ने मृतक महिला होमगार्ड जवान की पहचान सोनी कुमारी के रूप में की है. उन्होंने बताया कि सोनी कुमारी की बिक्रम थाना क्षेत्र के हदसार गांव निवासी विजय सिंह की बेटी से दोस्ती थी. इसी दोस्ती के कारण सोनी कुमारी विजय सिंह की बेटी से मिलने बिक्रम गयी थी. मुलाकात के बाद मंगलवार की सुबह विजय सिंह टेंपो से सोनी कुमारी को वापस फुलवारी शरीफ पहुंचाने के लिए निकले थे. दोनों सिमरा गांव के पास पटना रोड से गुजर रहे थे. इसी दौरान टैंक लॉरी ने उनके टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंक लॉरी सड़क किनारे स्थित नहर में जा गिरी. हादसे में टेंपो सवार सोनी कुमारी और विजय सिंह की जान चली गयी।
घटना की जानकारी मिलते ही जानीपुर थानाध्यक्ष सागर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना मंगलवार की सुबह करीब 6:30 बजे सिमरा गांव के पास हुई. पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई की. दुर्घटना के बाद नहर में गिरे टैंक लॉरी को निकालना राहत एवं बचाव दल के लिए चुनौती बना रहा. इसके लिए दो जेसीबी और दो क्रेन की मदद से अभियान चलाया गया. काफी प्रयास के बाद टैंक लॉरी को नहर से बाहर निकाला जा सका. हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
इधर, हादसे में दो लोगों की मौत की खबर जैसे ही हदसार गांव पहुंची, मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया. विजय सिंह के घर में चीख-पुकार मच गयी. परिजनों के रोने-बिलखने से गांव का माहौल गमगीन हो गया. नवरात्रि के अवसर पर जहां गांव में पूजा-पाठ और भक्ति का माहौल था, वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद मातम पसर गया. अचानक हुई इस दुर्घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं. गांव के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजा गया, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गयी. फिलहाल हादसे को लेकर पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. सुबह-सुबह हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क पर भारी वाहनों और छोटे वाहनों की आवाजाही के दौरान सतर्कता की जरूरत को सामने ला दिया है।
