पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) हैदराबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी में सम्पन्न छात्र संघ चुनाव में आइसा के उम्मीदवार कॉमरेड सिद्धांत ने संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही विश्वविद्यालय में आइसा ने छात्र राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। चुनाव में एबीवीपी को सभी सीटों पर हार का सामना करना पड़ा।
कॉमरेड सिद्धांत हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग में पीएचडी के शोधार्थी हैं। वे बिहार की राजधानी पटना के कंकड़बाग के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा स्कॉलर्स एबोड स्कूल से पूरी की तथा सेंट जेवियर्स इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी से बिजनेस इकोनॉमिक्स में स्नातक की डिग्री हासिल की है।
आइसा बिहार ने सिद्धांत की जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय की आइसा इकाई और कॉमरेड सिद्धांत को बधाई दी है। आइसा बिहार ने कहा कि आज जब देश के विश्वविद्यालयों पर लगातार हमले हो रहे हैं, फीस में बढ़ोतरी की जा रही है और शिक्षा को आम छात्रों से दूर किया जा रहा है, ऐसे दौर में हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में आइसा कीकिया जीत महत्वपूर्ण है। एबीवीपी की सभी सीटों पर हार हुई है। हैदराबाद विश्वविद्यालय के छात्रों ने एबीवीपी को करारी शिकस्त दी है। आइसा बिहार ने कहा कि यह जीत विश्वविद्यालयों में लोकतांत्रिक, जनपक्षधर और छात्रहित की राजनीति के प्रति छात्रों के समर्थन को दर्शाती है। छात्रों ने शिक्षा, लोकतांत्रिक अधिकारों और विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाने वाली राजनीति के पक्ष में अपना भरोसा जताया है।
