गुरुग्राम, सुशीला देवी : पुलिस ने आदतन अपराधियों और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार को दो आरोपियों के अवैध मकानों पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, एक मकान को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया, जबकि दूसरे मकान को सीज कर दिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट, हत्या, हत्या के प्रयास, आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न संगीन अपराधों के कुल 10 मामले दर्ज हैं।
अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने संबंधित विभागों के समन्वय से आरोपी आजाद उर्फ कालू निवासी अशोक विहार फेज-3 के एयरफोर्स स्टेशन की दीवार के पास करीब 50 वर्ग गज में बनाए गए मकान को ध्वस्त किया। पुलिस के मुताबिक आजाद के खिलाफ थाना सेक्टर-5 और उद्योग विहार में NDPS एक्ट, आबकारी अधिनियम, SC/ST एक्ट समेत अन्य अपराधों के 6 मामले दर्ज हैं।वहीं एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने आरोपी बीरू कुमार निवासी 12 बिस्वा, छोटी माता मंदिर के पास, गांव गुरुग्राम के करीब 100 वर्ग गज के मकान को सीज किया। बीरू के खिलाफ थाना सेक्टर-14, सिटी और सेक्टर-9A में NDPS एक्ट, हत्या, अपहरण और मारपीट समेत 4 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने कहा कि अवैध कब्जों और आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
