अररिया, रंजीत ठाकुर। फुलकाहा थाना क्षेत्र के नवाबगंज में एकजुट होकर मारपीट, जानलेवा हमला, धारदार हथियार से घायल करने तथा नकदी एवं चांदी की चेन छीनने के मामले में पुलिस ने पांच नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो. इस्ताक (42), तैयमून खातून (45), हुस्न बानो (30), मो. सोनू उर्फ मो. इब्राहिम (24) एवं मो. आजम (19) के रूप में हुई है। सभी नवाबगंज क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
मामले को लेकर खेतुन खातून ने फुलकाहा थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि 21 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे उनके पति मो. सलीम उर्फ समीम और पुत्र मो. शौदागर दुकान का हिसाब-किताब कर रहे थे। इसी दौरान एक मामूली विवाद को लेकर आरोपित पक्ष उनके दरवाजे पर पहुंच गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आवेदन में धारदार हथियार से पति-पुत्र पर हमला करने, 60 हजार रुपये नकद एवं करीब पांच भरी चांदी की चेन छीनने तथा बचाव करने पहुंची महिला समेत अन्य लोगों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया था। घटना में कई लोग घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। इस मामले में फुलकाहा थाना में कांड संख्या 268/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
