अररिया, रंजीत ठाकुर। फुलकाहा में करोड़ों रुपये की लागत से निर्माणाधीन पावर सब स्टेशन भवन के निर्माण कार्य में कथित अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का मामला सामने आने के बाद नरपतगंज विधायक देवांती यादव ने गुरुवार को स्थल निरीक्षण किया। ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंचीं विधायक ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं संवेदक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण में उजले बालू के साथ-साथ घटिया एवं पुराने ईंटों के इस्तेमाल की शिकायत सामने आई। विधायक ने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और कार्य की निगरानी को लेकर जानकारी ली। उन्होंने कथित रूप से मानक के विपरीत किए गए निर्माण कार्य को तोड़कर निर्धारित गुणवत्ता एवं तकनीकी मापदंडों के अनुरूप दोबारा निर्माण कराने का निर्देश दिया।
विधायक देवांती यादव ने कहा कि सरकारी योजनाओं के निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जा सकता। जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में बरती गई कथित अनियमितता एवं लापरवाही की जानकारी अररिया जिला पदाधिकारी को दी जाएगी। मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई कराने का भरोसा भी विधायक ने ग्रामीणों को दिया।
विधायक के निरीक्षण से निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने भी भवन का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस मौके पर फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य, भाजपा फुलकाहा मंडल अध्यक्ष घनश्याम यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमलेश साह, समाजसेवी राजेश रंजन, भाजपा कार्यकर्ता संतोष साह, मदन ठाकुर, घनश्याम साह, गंगा प्रसाद यादव, मोहम्मद हबीब सहित दर्जनों स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।
