अररिया, रंजीत ठाकुर : भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) की आई-कंपनी फुलकाहा के जवानों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल से अवैध रूप से भारत लाया जा रहा 4,608 किलोग्राम पत्ता गोभी जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त तीन वाहनों को जब्त करते हुए तीन चालकों को हिरासत में लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को SSB को सूचना मिली थी कि नेपाल से अवैध रास्ते के जरिए पत्ता गोभी की खेप भारत लाई जा रही है। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक (सामान्य) रतन कुमार ब्रह्मा के नेतृत्व में विशेष नाका पार्टी का गठन किया गया। टीम ने कोसीकापुर गांव स्थित श्मशान घाट के समीप, सीमा स्तंभ संख्या 187/1 की दिशा से आने वाले मार्ग पर करीब एक किलोमीटर अंदर नाकाबंदी की।
सुबह करीब 5:30 बजे नाका पार्टी ने तीन पिकअप वाहनों को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान वाहनों में भारी मात्रा में पत्ता गोभी लदी मिली। पूछताछ में चालकों ने अपनी पहचान सुमित चौधरी (27), मिथुन कुमार चौधरी (32) एवं पवन कुमार यादव (35) के रूप में बताई।
SSB के अनुसार, पूछताछ में चालकों ने बताया कि पत्ता गोभी नेपाल से मोटरसाइकिल के जरिए कोसीकापुर गांव लाया गया था, जहां से उसे वाहनों में लोड कर फारबिसगंज मंडी में ऊंचे दाम पर बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। सामान से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर SSB ने कार्रवाई आगे बढ़ाई।
दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में डिजिटल मशीन से वजन कराने पर कुल 4,608 किलोग्राम पत्ता गोभी बरामद हुई। जब्त वाहनों में महिंद्रा मैजिक (BR10GC3416) तथा दो महिंद्रा पिकअप वाहन (BR11GC6368 एवं BR09H1613) शामिल हैं।
SSB ने जब्त पत्ता गोभी, तीनों वाहनों एवं हिरासत में लिए गए चालकों के विरुद्ध सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110 के तहत अग्रेतर कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क (निवारण) प्रमंडल, फारबिसगंज के सहायक आयुक्त को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
समवाय प्रभारी सहायक सेना नायक राणा कुमार ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी के खिलाफ SSB का अभियान लगातार जारी है।
