बिहार

जमुई छेड़खानी मामले में तीन नाबालिग गिरफ्तार, वायरल वीडियो पर भी कार्रवाई

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) जमुई में एक लड़की के साथ कथित दुर्व्यवहार और छेड़खानी का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर के.एस. अनुपम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले में अब तक की पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामले में तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो की उम्र 17 से 18 वर्ष के बीच बताई गई है। एडीजी के अनुसार, जमुई थाने में BNSS की धारा 128, 74, 75 तथा POCSO एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है और इसकी निगरानी जमुई एसडीपीओ के नेतृत्व में की जा रही है।

वायरल वीडियो प्रसारित करने वालों पर भी कार्रवाई-

के.एस. अनुपम ने बताया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद पुलिस ने कई सोशल मीडिया अकाउंट को चिन्हित किया है। अब तक 13 फेसबुक, 12 इंस्टाग्राम और 7 एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट्स के खिलाफ टेकडाउन कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि नाबालिग पीड़ित की पहचान या चेहरा उजागर कर वीडियो प्रसारित करना भी कानून के तहत अपराध है। ऐसे मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ POCSO एक्ट और Juvenile Justice Act की धारा 74 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

घटना स्थल और आरोपियों की जांच-

एडीजी के अनुसार, घटना जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग से करीब तीन किलोमीटर दूर पहाड़ी इलाके में शाम करीब 6:25 से 6:30 बजे के बीच हुई। पुलिस घटना स्थल की पेट्रोलिंग व्यवस्था की भी समीक्षा करेगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल 7-8 युवकों के नाम जांच में सामने आए हैं। जांच के दौरान जो भी व्यक्ति घटना में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

Related posts

ईंट निर्माताओं की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान, हरसंभव सहयोग देगा विभाग : डॉ. प्रमोद कुमार

पटना ट्रैफिक पुलिस में लाइन डे आयोजित, जवानों की समस्याओं और ड्यूटी की हुई समीक्षा

पश्चिमी पटना में पिपिंग सेरेमनी, नवपदोन्नत पुलिसकर्मियों को पहनाया गया बैच

error: