गया, (न्यूज़ क्राइम 24) समाजसेवा एवं जनकल्याण के उद्देश्य से माहुरी वैश्य मंडल, गया जी के तत्वावधान में रविवार को माहुरी वैश्य मंडल भवन, गोसाईबाग, गुरुद्वारा रोड में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों एवं चिकित्सकों ने जनसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के संकल्प के साथ शिविर की शुरुआत की।
निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। आयोजकों के अनुसार, हजारों लोगों ने शिविर में पहुंचकर निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में सामान्य चिकित्सा, स्त्री रोग, बाल रोग, नेत्र रोग, हड्डी रोग, दंत रोग, त्वचा रोग, मनोचिकित्सा तथा नाक-कान-गला रोग सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। इसके अलावा बीपी, शुगर और हड्डी की जांच की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।
शिविर में डॉ. अमरेश कुमार, डॉ. निलेश कुमार, डॉ. कुमार अर्चित, डॉ. रसीद इकबाल, डॉ. रोहित सिन्हा, डॉ. निरुपमा सिन्हा, डॉ. राजलक्ष्मी, डॉ. उमेश कुमार, डॉ. हर्षित कुमार, डॉ. राजेश्वर शर्मा, डॉ. दीपशिखा काव्या एवं डॉ. संबोध कुमार सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
कार्यकारिणी एवं महिला समिति की रही महत्वपूर्ण भूमिका
मेगा स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन में माहुरी वैश्य मंडल की कार्यकारिणी, महिला समिति, नवयुवक समिति एवं सहयोगी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सदस्यों ने मरीजों के पंजीकरण, चिकित्सकों के समन्वय, व्यवस्था संचालन और अन्य आवश्यक कार्यों की जिम्मेदारी संभाली।
माहुरी वैश्य मंडल, गया जी की ओर से शिविर को सफल बनाने वाले सभी चिकित्सकों, कार्यकारिणी सदस्यों, महिला समिति, नवयुवक समिति एवं सहयोगी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि “समाज सेवा ही हमारा संकल्प है।” उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनकल्याण एवं स्वास्थ्य से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।
