पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) यातायात पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के 80वें स्थापना दिवस के अवसर पर डाकबंगला चौराहा, पटना में नागरिक एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान डीएसपी (यातायात-4) पौरुष अग्रवाल तथा ओरिएंटल इंश्योरेंस के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक राज कुमार यादव, क्षेत्रीय प्रबंधक विक्रम परमकुसम, ऋषिकेश सिंह एवं नितीश सिन्हा के मार्गदर्शन में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक करते हुए निःशुल्क आईएसआई मार्क के गुणवत्तापूर्ण हेलमेट वितरित किए गए। अभियान के माध्यम से वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की गई। पटना यातायात पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए पहनें। वाहन चलाते समय स्वयं हेलमेट लगाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
