गुरुग्राम, सुशीला देवी : हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-3 के बाहर रेहड़ी लगाने को लेकर हुई कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। मामले में डीएलएफ सेक्टर-29 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरे पक्ष के दो लोगों के खिलाफ भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निवारक कार्रवाई की गई है।पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता स्टेशन के बाहर मोची की दुकान करता है। 6 अगस्त को रेहड़ी लगाने को लेकर कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि बाद में आरोपी वापस आए और शिकायतकर्ता के बेटे को रोक लिया। झगड़े का कारण पूछने पर आरोपियों ने डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए 12 अगस्त को चार आरोपियों सुखराम, भूरा, मुनेश और कल्याण उर्फ कालू, सभी निवासी मड़ावली, जिला संभल (उत्तर प्रदेश), को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रेहड़ी लगाते हैं और इसी को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने शिकायतकर्ता पक्ष के अंशु और गोविंदा के खिलाफ भी धारा 126/170 BNSS के तहत निवारक कानूनी कार्रवाई की है। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।
