सोनीपत, धर्मवीर शर्मा : शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन चोर दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों को अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला शहर के मुरथल रोड से सामने आया है, जहां देर रात एक मोबाइल दुकान में चोर ने सेंध लगा दी। चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और वहां रखे लाखों रुपये के मोबाइल फोन और नकदी लेकर फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

मुरथल रोड पर राजीव मोबाइल शॉप के नाम से दुकान चलाने वाले संचालक करमजीत पिछले करीब दस वर्षों से यहां कारोबार कर रहे हैं। करमजीत ने बताया कि आसपास की दुकानों में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन उनकी दुकान पर चोरी की यह पहली वारदात है। चोर रात करीब एक बजे दुकान पर पहुंचा। इसके बाद उसने दुकान के शटर पर लगे दोनों तालों को तोड़ा और शीशे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। शटर तोड़ने के बाद चोर दुकान के अंदर दाखिल हुआ और वहां रखे मोबाइल फोन अपने साथ ले गया।
दुकान संचालक ने बताया कि चोर करीब आठ से दस स्मार्टफोन चोरी कर ले गया, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा दुकान के गल्ले में रखी करीब पांच से छह हजार रुपये की नकदी भी चोर ले गया।
वारदात का पता उस समय चला जब सुबह एक पड़ोसी दुकानदार ने करमजीत को फोन कर उनकी दुकान का शटर टूटे होने की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद जब वह सुबह करीब छह बजे दुकान पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि शटर के दोनों ताले टूटे हुए थे और शीशा भी टूटा हुआ था। दुकान के अंदर सामान की जांच करने पर मोबाइल फोन और नकदी चोरी होने की जानकारी मिली।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर की गतिविधियां भी कैद हुई हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस अब आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
दुकान संचालक करमजीत ने पुलिस प्रशासन से इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
करमजीत ने बताया कि उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। अब उनकी मांग है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए और चोरी हुआ सामान बरामद किया जाए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में देखना होगा कि पुलिस इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को कितनी जल्दी गिरफ्तार करती है।
