पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) अयोध्या स्थित हनुमान गढ़ी के महंत राजू दास ने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब पहुंचकर श्रद्धापूर्वक माथा टेका और गुरु महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने देश, समाज और समस्त मानवता के कल्याण, सुख-समृद्धि तथा आपसी भाईचारे के लिए अरदास की।
तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब पहुंचने पर प्रबंधक समिति के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया। प्रबंधक समिति के उपाध्यक्ष गुरुविंदर सिंह ने महंत राजू दास का अभिनंदन करते हुए उन्हें तख्त साहिब के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व की जानकारी दी। महंत राजू दास ने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के दर्शन को अपने लिए सौभाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि गुरु साहिबानों की महान शिक्षाएं आज भी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि गुरु परंपरा प्रेम, सेवा, समर्पण और मानव कल्याण का संदेश देती है, जो समाज को सही दिशा प्रदान करने का कार्य कर रही है।
