शेखपुरा, उमेश कुमार : जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं डीएम के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में आम जनता से कुल 31 आवेदन प्राप्त हुए।
किन मुद्दों की मिली शिकायतें
प्राप्त आवेदनों में जमीन की नापी, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, रसीद में खाता-खसरा चढ़ाना, पेयजल आपूर्ति, दाखिल-खारिज, जमीन से अतिक्रमण हटवाना, फर्जी केवाला की जांच, पैतृक संपत्ति का बंटवारा, माता-पिता का भरण-पोषण, बिजली समस्या, ट्रांसफार्मर लगवाना, रंगदारी, रास्ता अवरुद्ध, नाली की समस्या, बिजली बिल में सुधार, वरिष्ठ नागरिक कार्ड बनवाना, मारपीट और जेवर गिरवी से छुड़वाने जैसे मामले शामिल थे। बरबीघा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने और वाद संख्या 209/2024-25 के निपटारे की मांग भी की गई।
डीएम ने दिए सख्त निर्देश
डीएम श्री शेखर आनंद ने स्वयं प्रत्येक फरियादी की बात सुनी। आवेदनों की गंभीरता को देखते हुए मौके पर ही संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निष्पक्ष जांच और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा, “जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समयसीमा में अनिवार्य रूप से करें। किसी भी परिवादी को अपने काम के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगवाया जाए।”
कौन रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सह जिला जनता दरबार प्रभारी श्री धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन की इस पहल से फरियादियों को उम्मीद है कि उनकी समस्याओं का समाधान अब समयबद्ध तरीके से होगा।
