पटना, पीयूष कुमार प्रियदर्शी : बिहार में शहरीकरण को नई दिशा देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में शुक्रवार को नगर विकास एवं आवास विभाग और HUDCO के बीच 1 लाख करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्तपोषण का एमओयू हुआ। ‘संकल्प सभागार’ में हुए इस समझौते के तहत राज्य में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित किए जाएंगे। CM ने इसे बिहार के शहरी विकास के इतिहास में मील का पत्थर बताया।
क्या होंगी सुविधाएं :
इन टाउनशिप में आधुनिक सड़क नेटवर्क, 24×7 पेयजल, सीवरेज, बिजली, हरित क्षेत्र, स्कूल, अस्पताल, वाणिज्यिक और सामाजिक अधोसंरचना जैसी विश्वस्तरीय नागरिक सुविधाएं विकसित होंगी। सीएम ने कहा कि इससे लोगों को बेहतर आवास और गुणवत्तापूर्ण जीवन मिलेगा।
सीएम के बड़े ऐलान :
- 3 लाख एकड़ में विकास: लगभग 3 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में ये 12 टाउनशिप बसाई जाएंगी।
- किसानों की भागीदारी: लैंड पूलिंग के जरिए किसानों को भागीदार बनाया जाएगा। मुआवजे के आवेदन पर 30 दिन में भुगतान होगा।
- कुल 7 लाख करोड़ का निवेश: HUDCO के जरिए 1 लाख करोड़ का सरकारी निवेश होगा, जबकि 6 लाख करोड़ रुपये बाहर से आएगा।
- लाखों रोजगार: बड़े पैमाने पर निजी निवेश आएगा, निर्माण कार्य बढ़ेंगे और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष लाखों रोजगार सृजित होंगे।
‘35% शहरीकरण का लक्ष्य’:
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समझौता बिहार को आधुनिक शहरी विकास में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाएगा। सरकार का लक्ष्य 35% शहरीकरण हासिल करना है। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध और समावेशी शहरीकरण से बिहारवासियों का सपना पूरा होगा। CM ने HUDCO को धन्यवाद देते हुए आगे भी सहयोग की उम्मीद जताई।
MOU का आदान-प्रदान:
मुख्यमंत्री के समक्ष नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और HUDCO के CMD संजय कुलश्रेष्ठ ने एमओयू का आदान-प्रदान किया। इस दौरान सीएम को हरित पौधा, अंग वस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार सहित HUDCO और नगर विकास विभाग के वरीय अधिकारी मौजूद थे।
