बिहार

विधायक योजना की लाखों की सोलर स्ट्रीट लाइटें बनीं शोपीस, रखरखाव के अभाव में अंधेरे में डूबे गांव-बाजार

अररिया, रंजीत ठाकुर। नरपतगंज विधानसभा क्षेत्र में तत्कालीन विधायक अनिल कुमार यादव की विधायक क्षेत्र विकास योजना से गांवों और बाजारों में लगाई गई लाखों रुपये की सोलर स्ट्रीट लाइटें आज बदहाल स्थिति में हैं। क्षेत्र को रोशन करने और सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से लगाए गए चार-चार एलईडी बल्ब वाले सोलर पोल रखरखाव के अभाव में लंबे समय से खराब पड़े हैं। नतीजतन, ये लाइटें अंधेरे को दूर करने के बजाय केवल शोपीस बनकर रह गई हैं।

ताजा मामला नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा स्थित गांधी चौक, दुर्गा मंदिर एवं मदरसा के समीप लगे सोलर स्ट्रीट लाइटों का है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थापना के कुछ ही महीनों बाद अधिकांश लाइटें खराब हो गईं, लेकिन आज तक उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। इससे लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति बेकार पड़ी है और रात के समय लोगों को अंधेरे का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि जनता के टैक्स के पैसे से खरीदी गई सोलर लाइटों का रखरखाव नहीं होने के कारण पूरा उद्देश्य ही विफल हो गया है। कुछ लोगों ने खरीद प्रक्रिया में अनियमितता और गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है, जबकि अन्य का कहना है कि नियमित रखरखाव नहीं होने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

समाजसेवी श्रवण कुमार दास ने बताया कि ग्रामीणों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि विधायक कोटा से लगाए गए अधिकांश सोलर स्ट्रीट लाइट खराब पड़े हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से पूरे मामले की जांच कराने तथा सभी खराब सोलर लाइटों की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें चालू कराने की मांग की है, ताकि जनता के पैसे से स्थापित इस सुविधा का लाभ आम लोगों को मिल सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन सोलर लाइटों की मरम्मत नहीं कराई गई तो लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति पूरी तरह बेकार हो जाएगी। लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से अविलंब कार्रवाई की मांग की है।

Related posts

पीतल के महादेव मंदिर में नाग-नागिन के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

समालखा में सफाई कर्मचारियों ने झाड़ू उल्टा कर जताया विरोध

रैयाम एवं सकरी चीनी मिल क्षेत्र में गन्ना क्षेत्र विस्तार को मिलेगा बढ़ावा, किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता : श्री संजय कुमार

error: