फुलवारीशरीफ, अजित। पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में मद्य निषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है. हालांकि छापेमारी के दौरान वाहन चालक एवं तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहा।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम करीब 7:30 बजे रामगुलाम चौक के समीप सड़क किनारे खड़ी एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन संख्या बीआर-21पी-7001 की जांच की गई। तलाशी के दौरान वाहन से 8 पीएम प्रीमियम ब्लैक व्हिस्की की 15 कार्टन बरामद की गई. प्रत्येक कार्टन में 180 मिलीलीटर की 48 बोतलें रखी गई थीं। बरामद शराब की कुल मात्रा 129.6 लीटर बताई गई है. जब्त विदेशी शराब का अनुमानित बाजार मूल्य करीब एक लाख 56 हजार रुपये आंका गया है।
कार्रवाई के दौरान वाहन चालक एवं शराब तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है तथा वाहन स्वामी और तस्करों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। मद्य निषेध विभाग की टीम में अवर निरीक्षक अजीत कुमार, सोनम कुमारी, अजीत कुमार, डब्लू कुमार, विनिता कुमारी, अभिजीत कुमार तथा सिपाही रुद्र यादव, राजकुमार शाह, संदीप कुमार सिंह एवं प्रदीप कुमार शामिल थे। पुलिस का कहना है कि फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है तथा शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
