फुलवारीशरीफ, अजित। पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. दोनों के खिलाफ विभिन्न मामलों में प्राथमिकी दर्ज थी और पुलिस को उनकी तलाश थी।
गौरीचक थाना पुलिस ने छापेमारी के दौरान सोहोगी टार गांव निवासी नितीश कुमार को गिरफ्तार किया. वह मारपीट, धमकी और अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े एक मामले में नामजद अभियुक्त था. पुलिस के अनुसार लंबे समय से उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा था।
वहीं एक अन्य कार्रवाई में रघुरामपुर मुसहरी गांव निवासी दिनेश मांझी को गिरफ्तार किया गया. वह बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम से जुड़े मामले में वांछित था और काफी समय से फरार चल रहा था। गौरीचक थाना पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की गई है. पुलिस का कहना है कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।
