पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) राजधानी पटना में एक राहगीर का सामान से भरा थैला अनजाने में ऑटो में छूट गया। सामान खो जाने से परेशान व्यक्ति ने तत्काल अनीसाबाद गोलम्बर यातायात पोस्ट पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस कर्मियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस ने बिना समय गंवाए ऑटो की पहचान करने के लिए अभियान शुरू किया।
पुलिसकर्मियों ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अपने खुफिया इनपुट्स की सहायता से संबंधित ऑटो का पता लगाया। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने ऑटो को ट्रैक कर उसमें रखा सामान से भरा थैला सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद थैले को उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया गया, जिससे उन्होंने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार व्यक्त किया। पटना यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखें। किसी भी असुविधा, दुर्घटना या आपात स्थिति में निकटतम यातायात पोस्ट अथवा पुलिस सहायता केंद्र से संपर्क करें। यातायात पुलिस ने कहा कि वह नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
