अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को एसएसबी एवं बिहार पुलिस द्वारा संयुक्त गश्त अभियान चलाया गया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार 14 मई 2026 को 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के “जी” समवाय बेला के अंतर्गत बेला गांव वार्ड संख्या-07 में निरीक्षक/सामान्य रंजीत मोहंतो के नेतृत्व में संयुक्त गश्त किया गया। इस दौरान एसएसबी बेला के जवानों के साथ बिहार पुलिस,अररिया के रानीगंज सर्किल इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह तथा बसमतिया थाना अध्यक्ष सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार भी मौजूद रहे। संयुक्त गश्त के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन निगरानी रखी गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की जांच की गई। साथ ही अवैध गतिविधियों एवं तस्करी पर नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। सुरक्षा बलों ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा संबंधी जानकारी साझा की तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की।
इस अवसर पर रानीगंज सर्किल इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए एसएसबी और बिहार पुलिस लगातार संयुक्त अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। गश्त दल में एसएसबी की ओर से निरीक्षक/सामान्य रंजीत मोहंतो सहित कुल 04 जवान शामिल थे, जबकि बिहार पुलिस की ओर से रानीगंज सर्किल इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह, बसमतिया थाना अध्यक्ष सुनील कुमार एवं अन्य पुलिसकर्मी सहित कुल 05 सदस्य मौजूद रहे।
