फुलवारीशरीफ, अजित। पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र में वारंटी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने और आरोपी को छुड़ाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पचरुखिया थाना के थानाध्यक्ष विक्रम कुमार पुलिस बल के साथ गौरीचक पहुंचे और बताया कि ग्राम अलावलपुर निवासी राकेश सिंह के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी हुआ है. गिरफ्तारी में सहयोग के लिए गौरीचक थाना की गश्ती टीम को अलावलपुर भेजा गया। गांव में वारंटी राकेश सिंह को पकड़ने के दौरान उसके परिवार और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई और महिला सिपाही के साथ अभद्र व्यवहार किया गया. उपद्रवियों ने ईंट-पत्थर से पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और वारंटी को छुड़ा लिया।
घटना के बाद पचरुखिया थानाध्यक्ष द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर गौरीचक थाना कांड संख्या 287/26 दर्ज किया गया. इसके बाद 16 अप्रैल 2026 को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 पटना के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर नामजद और अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने बबलू कुमार, गौरीशंकर उर्फ बमबम कुमार और राजीव कुमार, सभी निवासी अलावलपुर, थाना गौरीचक, जिला पटना को गिरफ्तार किया. पुलिस अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार, थानाध्यक्ष सुषमा सागर, थानाध्यक्ष गोपालपुर अमित कुमार सिंह, पचरुखिया थानाध्यक्ष विक्रम कुमार सहित गौरीचक थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल रहे. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
