खाटूधाम, (न्यूज़ क्राइम 24) विश्व प्रसिद्ध बाबा श्याम के वार्षिक लक्खी फाल्गुन मेले का शुभारंभ 21 फरवरी से होगा, जो 28 फरवरी तक चलेगा। मेले को लेकर मंदिर प्रशासन एवं कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार मंदिर को विशेष थीम पर सजाया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। मंदिर को जगन्नाथ मंदिर तथा श्याम दरबार की तर्ज पर भव्य स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। प्रवेश द्वार से लेकर गर्भगृह तक आकर्षक एवं रंग-बिरंगी सजावट की जा रही है। मुख्य द्वार पर हाथी की भव्य झांकी तैयार की जा रही है, जिसके नीचे से होकर श्रद्धालु बाबा श्याम के दरबार तक पहुंचेंगे।
श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि भगवान विष्णु, ब्रह्मा, शंकर, श्रीकृष्ण एवं हनुमानजी सहित विभिन्न देवी-देवताओं की सजीव प्रतीत होने वाली मूर्तियां स्थापित की जा रही हैं। मंदिर परिसर में हाथी, शेर और अनेक पौराणिक पात्रों की आकर्षक झांकियां सजाई जा रही हैं। इस वर्ष सजावट को विशेष और दिव्य रूप देने के लिए 120 बंगाली कारीगर दिन-रात कार्य में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष सजने वाला बाबा श्याम का दरबार इस बार पहले से अधिक भव्य और अलौकिक स्वरूप में नजर आएगा। फाल्गुन मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के खाटूधाम पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर कमेटी की ओर से सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रशासन भी मेले को सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सक्रिय है। भव्य सजावट, पौराणिक झांकियों और आध्यात्मिक वातावरण के बीच इस वर्ष का लक्खी फाल्गुन मेला श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव साबित होने की उम्मीद है।
