फुलवारीशरीफ, अजित। ग्राम पंचायत कुरथौल अंतर्गत एतवारपुर पिलर नंबर-18 के पास विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया, जिसमें जिले और बाहर से आए पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. दंगल का आयोजन राम बचन राय की ओर से किया गया, जबकि कार्यक्रम में पंचायत की मुखिया गीता देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
महिला पहलवान वर्ग में पटना जिला की नूतन कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया. वहीं पुरुष पहलवान वर्ग में पूर्णिया जिला के मोहम्मद अबरार ने दमदार कुश्ती लड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया. पहलवानों के जोश और ताकत ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया। दंगल का उद्घाटन पूर्व मंत्री व स्थानीय विधायक श्याम रजक ने किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं में खेल और स्वास्थ्य के प्रति रुचि बढ़ती है और वे नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहते हैं. उन्होंने कहा कि कुश्ती जैसे पारंपरिक खेल युवाओं को अनुशासन, शक्ति और आत्मविश्वास सिखाते हैं। विधायक श्याम रजक ने ऐलान किया कि यदि पंचायत की ओर से भूमि उपलब्ध कराई जाती है तो कुरथौल पंचायत में कुश्ती अखाड़ा की व्यवस्था की जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि अखाड़ा और खेल के लिए स्थायी जगह उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोग नियमित अभ्यास कर सकें और स्वास्थ्य लाभ ले सकें।
