बिहार

खलीलपुरा मिन्हाज नगर में 31 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या, घर के बगल जर्जर मकान से मिला शव

पटना, अजित। थाना क्षेत्र के खलीलपुरा मिन्हाज नगर मोहल्ले में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां 31 वर्षीय युवक महताब पिता सलीम की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक का शव उसके घर के बगल में स्थित एक खाली और जर्जर मकान के कमरे से बरामद किया गया, जहां वह खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था. युवक के सिर में गोली मारी गई थी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत और सनसनी का माहौल कायम हो गया है. संकरी गली में स्थित घटनास्थल को देखकर लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।

परिजनों के अनुसार महताब गुरुवार की सुबह नाश्ता करने के बाद घर से बाहर निकला था. दोपहर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. इसी दौरान घर से कुछ ही दूरी पर स्थित खाली प्लॉट में बने एक कमरे के भीतर उसका शव पड़ा हुआ मिला. कमरे में खून फैला हुआ था। घटनास्थल पर नशे के सेवन से जुड़ा सारा सामान बिखरा पड़ा था. माचिस, सिगरेट के खाली डिब्बे और अन्य नशीले पदार्थों के रैपर मौके पर मौजूद थे. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कमरा लंबे समय से बदमाशों और नशेबाजों द्वारा नशे के उपभोग के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी. फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल्स सहित हर पहलू की जांच की जा रही है. फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है. यह भी साफ नहीं है कि हत्या आपसी रंजिश का नतीजा है या इसके पीछे कोई और वजह है. पुलिस अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। मृतक महताब के भाई आकिब ने बताया कि उसका भाई मोटरसाइकिल मैकेनिक था.

Advertisements
Ad 1

कुछ समय से उसे कोई काम नहीं मिल पा रहा था, जिसके कारण वह घर पर ही रहता था. आकिब ने बताया कि सुबह घर से निकलने के बाद उसका कोई पता नहीं चला और बाद में जानकारी मिली कि मोहल्ले के ही एक कमरे में उसकी लाश पड़ी है. आकिब ने यह भी स्वीकार किया कि उसका भाई नशीले पदार्थों का सेवन करता था, लेकिन वह यह नहीं बता पा रहा है कि उसकी हत्या किसने और क्यों की। गौर करने वाली बात यह है कि कुछ दिन पहले इसी खलीलपुरा मिन्हाज नगर मोहल्ले में ससुराल में रह रहे युवक मोहम्मद शाहनवाज की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी. उस मामले में गिरफ्तार आरोपी शाहबाज भी स्मैक, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों का आदी बताया गया था. पुलिस इस ताजा हत्या को भी उसी पुराने मामले से जोड़कर जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर डीएसपी सुशील कुमार, फुलवारी शरीफ थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शाहबाज आलम समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और गहन छानबीन शुरू की. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा किया जाएगा। इस घटना के बाद से मोहल्ले में डर का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. स्थानीय मोहल्ले के लोगों ने बताया कि घटना स्थल वाला मकान का ऑफिस संकड़ी गली में है और उसके सामने का खाली प्लॉट में कूड़ा फेंका रहता है बहुत कम लोग उधर से आना-जाना करते . गलत संगत वाले लड़के ही उसे कमरे में आना-जाना करते थे।

Related posts

महा शिवरात्रि महोत्सव शोभा यात्रा निकाला गया

हांडी साहिब गुरुद्वारामें बनेगी रिहाईश, कार सेवा दिल्ली को मिली अहम जिम्मेवारी

रेल समस्याओं को लेकर रेल मंत्री से मिले सांसद कौशलेंद्र कुमार

error: