अररिया, रंजीत ठाकुर। बथनाहा पंचायत के करीब 350 ग्रामीणों के नाम पंचायत मतदाता सूची में दर्ज नहीं होने से वे विगत पांच वर्षों से पंचायत की मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। हैरानी की बात यह है कि ये सभी मतदाता लोकसभा और विधानसभा चुनावों में वर्षों से मतदान करते आ रहे हैं। वर्तमान स्थिति यह है कि पुराने वोटर लिस्ट के आधार पर ये लोग बथनाहा पंचायत के निवासी तो माने जाते हैं, लेकिन किस वार्ड में रहते है यह स्पष्ट नहीं है। जिस कारण ग्रामीण न तो पंचायत चुनाव लड़ सकते हैं और न ही पंचायत चुनाव में मतदान कर सकते है।
क्या है पूरा मामला-
वर्ष 2021 में जोगबनी नगर परिषद क्षेत्र का परिसीमन किया गया, जिसमें बथनाहा पंचायत के वार्ड संख्या 1 से 9 तक को नगर परिषद में शामिल कर लिया गया। इसी दौरान बथनाहा पंचायत का वार्ड संख्या- 03, दो मौजों में विभक्त होने और आपस में सटा नहीं होने के कारण परिसीमन में इसका पूर्वी हिस्सा छूट गया। बथनाहा पंचायत के भटियाही मौजा (बथनाहा बीरपुर चौक स्थित) को नगर परिषद में शामिल किया गया, जबकि वार्ड संख्या 3 का दूसरा हिस्सा यहां से लगभग चार किलोमीटर पूरब बथनाहा मौजा में स्थित होने के बावजूद बाहर रह गया। इसके आसपास के वार्ड पंचायत में शामिल कर लिए गए, लेकिन यह क्षेत्र बीच में ही अटका रह गया। ग्रामीणों के आपत्ति पर तत्कालीन प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी फारबिसगंज ने पत्रांक 86 ,दिनांक 13.10.2021 के द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी फारबिसगंज को पत्र लिखकर ग्रामीणों की समस्या से भी अवगत कराया गया था।
पंचायत वोटर लिस्ट से नाम गायब-
करीब 350 मतदाताओं वाले इस ग्रामीण क्षेत्र को पिछले पांच वर्षों से न तो पंचायत की सुविधाएं मिल रही हैं और न ही नगर परिषद की। क्षेत्र में महादलित, अत्यंत पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय की आबादी अधिक है। गांव के अभिषेक ठाकुर का कहना है कि इस वार्ड के दर्जनों युवाओं के नाम विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची में भी शामिल नहीं किए गए।
प्रशासन से लगाई गुहार-
बथनाहा के सरपंच प्रतिनिधि मुख्तार आलम सहित ग्रामीण सदानंद ठाकुर, राजनंद ठाकुर, विद्यानंद ठाकुर, सत्यनारायण ठाकुर, कलानंद ठाकुर, बालेश्वर पासवान, सोनू पासवान, बेचन पासवान, गोपाल मंडल, रामदेव मंडल, जगदेव पासवान, धनजीत पासवान सहित सरस्वती देवी, बुचिया देवी, गुड़िया देवी, मूर्ति देवी, सीता देवी, पूनम देवी, बिंदा देवी, रूबी देवी, राधा मासोमत, सुनीता देवी, पिंकी देवी, रीता देवी, योगमाया देवी, डीपी देवी, आरती देवी, नीलम देवी, रेखा देवी, बसंती देवी, संजू देवी, माधुरी देवी, रुक्मणि देवी, लखिया देवी, चांदनी देवी, सुमन देवी समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत मतदाता सूची में नाम जोड़ने को लेकर प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी (फारबिसगंज) और जिला पदाधिकारी (अररिया) से गुहार लगाई गई है।ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2026 में होने वाले पंचायत चुनाव के लिए मतदाता पुनरीक्षण और परिसीमन का कार्य शुरू हो सकती है इस क्षेत्र में स्थल जांच नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र जांच कर मतदाता सूची में नाम जोड़ने और क्षेत्र को स्पष्ट वार्ड में शामिल करने की मांग की। पंचायत चुनाव की अधिसूचना होने में अभी वक्त है, आगामी पंचायत चुनाव से पहले ही जो छुटे हुए ग्रामीण है उनका नाम वोटर लिस्ट में जोड़ दिया जाएगा,यह मामला मेरे संज्ञान में भी है ।
