अररिया, रंजीत ठाकुर : आगामी बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारी के क्रम में आज बुधवार को खेल भवन अररिया में निर्वाचन व्यय अनुश्रवण कोषांग से संबंधित बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता दिलीप कुमार साह, राज्यकर संयुक्त आयुक्त सह नोडल पदाधिकारी व्यय अनुश्रवण कोषांग द्वारा किया गया, जिसमें सहायक नोडल सह राज्य कर उपायुक्त आदित्य कुमार एवं असलम दानिश उपस्थित थे।
बताया गया कि आगामी बिहार विधान सभा आम निर्वाचन के क्रम में राजनैतिक दलों एवं अभ्यर्थियों द्वारा किए जाने वाले व्यय की निगरानी एवं अनुश्रवण हेतु उप विकास आयुक्त अररिया की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। साथ ही विभिन्न चेकपोस्ट एवं व्यय अनुश्रवण हेतु विभिन्न टीम यथा सहायक व्यय प्रेक्षक, अकाउंटिंग टिम, वीडियो सर्विलांस टीम, वीडियो व्यूइंग टीम, फ्लाइंग स्क्वॉड टीम आदि का गठन कर लिया गया है।इस बैठक सह प्रशिक्षण में सभी टीम के पदाधिकारी को उनके कार्य एवं दायित्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई एवं बताया गया कि किसी भी प्रकार के संवेदनशील गतिविधियों पर टीम की पैनी नजर रहेगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
