पटना(न्यूज क्राइम 24): आलमगंज थाना क्षेत्र के दादर मंडी मोहल्ले में बुधवार को दहेज के लिए एक विवाहिता की ससुराल वालों ने गला दबाकर हत्या कर डाली। मामला प्रकाश में आते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लड़की के पति एवं उनके ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि पटना सिटी के काजल कुमारी 26 वर्ष का विवाह 3 वर्ष पूर्व दादर मंडी निवासी विक्की कुमार से हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही विक्की कुमार और उनके परिजनों के द्वारा काजल कुमारी के परिवार से दहेज की मांग की जाती रही है। काजल कुमारी के परिवार के लोगों ने बताया कि शादी के वक्त उन्होंने यथासंभव काजल कुमारी के ससुराल वालों को दहेज दिया था। काजल कुमारी के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही काजल कुमारी को ससुराल वालों द्वारा बराबर प्रताड़ित किया जाता था। इस बीच काजल कुमारी को एक बेटा हुआ।
जिससे परिवार के लोगों को लगा कि अब काजल कुमारी पर ससुराल वालों का प्रताड़ना खत्म हो जाएगा, लेकिन इसके बावजूद भी उन लोगों का प्रताड़ना दिन प्रतिदिन बढ़ता गया। परिवार वालों ने आरोप लगाया कि बुधवार की सुबह काजल कुमारी ने सूचना दिया था कि उनके साथ मारपीट की गई है। इसके कुछ देर बाद काजल कुमारी के परिवार वालों को यह सूचना मिली कि उनकी बेटी काजल कुमारी की तबीयत काफी खराब है। आनन-फानन में जब वह लोग काजल कुमारी के ससुराल पहुंचे तो रूम में काजल कुमारी बेहोश पड़ी थी।
परिवार वालों ने इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। काजल कुमारी के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि काजल कुमारी की गला दबाकर हत्या के बाद उसे आत्महत्या का रूप दिया गया है। इस बात को लेकर उन्होंने आलमगंज थाने में दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने इस मामले में काजल कुमारी के पति विक्की कुमार एवं उनके ससुर उमेश ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है।
