अररिया(रंजीत ठाकुर): जिले में गर्भवती महिला व पांच साल तक के बच्चों को विभिन्न तरह के जानलेवा बीमारियों से बचाव को लेकर संचालित होने वाले मिशन इंद्रधनुष 5.0 अभियान के निर्धारित कार्यक्रम में मामूली फेरबदल किया गया है। गौरतलब है कि तीन चरणों में संचालित होने वाले मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम का पहला चरण आगामी 07 से 12 अगस्त के बीच संचालित किया जाना था। राज्य स्वास्थ्य समिति ने इसे तत्काल स्थगित करते हुए संशोधित तिथि की घोषणा की है। राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक संजय कुमार सिंह ने इस संबंध में पत्र जारी करते हुए जिलाधिकारी व सिविल सर्जन को जरूरी दिशा निर्देश दिया है।
अभियान को लेकर संशोधित तिथि जारी –
सिविल सर्जन डॉ विधानचंद्र सिंह ने बताया कि गर्भवती महिला व पांच साल तक के बच्चों को 12 तरह के जानलेवा बीमारियों से बचाव को लेकर संचालित होने वाले मिशन इंद्रधनुष 5.0 कार्यक्रम की तिथि में बदलाव किया गया है। विभाग द्वारा घोषित संशोधित तिथि के मुताबिक जिले में अभियान का पहला चरण अब 11 सितंबर से संचालित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि अभियान की सफलता को लेकर जिले में सभी जरूरी तैयारी पूरी हो चुकी है। टीकाकरण के लिये बच्चों का हेड काउंट सर्वे का कार्य भी अपने अंतिम चरण में है। अभियान की सफलता विभाग की प्राथमिकताओं में शुमार है।
11 सितंबर से संचालित होगा अभियान का पहला चरण –
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ मोईज ने बताया कि मिशन इंद्रधनुष के पहले चरण को लेकर विभागीय तैयारी पूरी हो चुकी है। राज्य स्वास्थ्य समिति से प्राप्त दिशा निर्देश के आलोक में अब अभियान का पहला चरण आगामी 11 सितंबर से संचालित किया जायेगा। वहीं अभियान का दूसरा चरण 09 से 14 अक्टूबर व तृतीय चरण 27 नवंबर से 02 दिसंबर के बीच संचालित होगा।
प्रशिक्षण का दौर खत्म, लोगों को किया जा रहा जागरूक-
डीपीएम स्वास्थ्य संतोष कुमार ने बताया कि अभियान की सफलता को लेकर प्रखंडवार संबंधित कर्मियों के प्रशिक्षण का दौर खत्म हो चुका है। अब तक 693 एएनएम, व 1673 आंगनबाड़ी सेविकाओं को अभियान से संबंधित जरूरी प्रशिक्षण दिया गया है। टीकाकरण को लेकर बच्चों के हेडकाउंट सर्वे, ड्यू लिस्ट तैयार करने सहित संबंधित क्षेत्र में टीकाकरण को लेकर लोगों को प्रेरित करने के लिये आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका सहित जीविका दीदी से अपेक्षित सहयोग प्राप्त किये जाने की जानकारी उन्होंने दी।
