अररिया(रंजीत ठाकुर): जिला पदाधिकारी श्रीमती इनायत खान द्वारा जिला अंतर्गत सिकटी प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ से पूर्व कराए गए कटाव निरोधात्मक कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा कटाव निरोधात्मक कार्य के विभिन्न बिंदुओं पर उपस्थित सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं पदाधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिये। सर्वप्रथम ग्राम पंचायत पड़रिया के घोड़ा चौक स्थित कटाव निरोधात्मक कार्य का निरीक्षण किया गया। यहां नूना नदी द्वारा गत वर्ष में बनाये गये नया धारा के दोनों ओर कटाव निरोधात्मक कार्य का निरीक्षण किया गया है। इसी पंचायत के बांसवाडी गांव में भी कटाव निरोधात्मक कार्य का निरीक्षण किया गया।
जहां जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता को बांसवाडी गांव में कटाव निरोधात्मक कार्य तीन दिनों के अंदर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। इसके बाद सिकटी प्रखंड के बकरा नदी से प्रभावित मजरख पंचायत के डेनिया में कटाव निरोधात्मक कार्य का निरीक्षण किया गया। वहीं सिकटी प्रखंड के ठेंगापुर, कौआकोह पंचायत के पास कराए जा रहे बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य- 1 और 2 का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी द्वारा उक्त से संबंधित सभी अति संवेदनशील बिंदुओं पर बाढ़ से पूर्व तैयारी एवं तटबंध की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सिकटी सहित संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
