अररिया(रंजीत ठाकुर): सोमवार को 56वीं बटालियन बथनाहा के ग्राउंड में कुल 233 नव आरक्षीयों द्वारा अनुशासित एवं मनमोहक परेड के साथ अत्यंत ही भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में श्री मुकेश कुमार सिंह मुंडा ने उपस्थित मुख्य अतिथि श्री संजय कुमार सारंगी, उप महानिरीक्षक क्षेत्रक मुख्यालय एस. एस. बी. पूर्णिया एवं समस्त अतिथियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

इसी कड़ी में पवित्र राष्ट्रीय ध्वज एवं सशस्त्र सीमा बल के ध्वज के समक्ष भारतीय संविधान को साक्षी मानकर श्री कुमार राजीव रंजन,प्रशिक्षण अधिकारी, द्वितीय कमान अधिकारी द्वारा समस्त 233 नव आरक्षीयों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के साथ सर्वोत्तम सेवा राष्ट्र सेवा करने की शपथ दिलाई गई। बता दें कि ये नव आरक्षी देश के कुल 09 राज्यों आंध्रप्रदेश, असम, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, उड़ीशा, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, तथा पश्चिम बंगाल से हैं। पिछले 44 सप्ताहों के कठिन प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले नव आरक्षीयों को मुख्य अतिथि द्वारा स्मृति चिन्ह से सम्मानित कर उत्साहवर्द्धन किया गया। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में सशस्त्र सीमा बल के बैंड टीम द्वारा बेहतरीन प्रदर्शन, श्वान दस्ता के द्वारा विभिन्न प्रकार के बाधाओं को पार करने का बहुत ही अच्छा प्रदर्शन, विभिन्न प्रकार के आधुनिक हथियारों का प्रदर्शन, नव आरक्षीयों द्वारा हथियारों के साथ वास्तविक व आकर्षक प्रदर्शन एवं वोल्टीग बॉक्स व जलते हुए आग के छल्ले को पार करने का बेहतरीन तरीके से प्रदर्शन किया गया। अंत में मुख्य अतिथि श्री संजय कुमार सारंगी, उप महा निरीक्षक ने दीक्षांत समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज का यह दिन मेरे लिए अविस्मरणीय क्षण है, क्योंकि आज मैं एक ऐसे समारोह में उपस्थित हूँ जो कि सेवा, सुरक्षा व बंधुत्व के संदेश के साथ देश की आंतरिक सुरक्षा व भारत – नेपाल एवं भारत- भूटान अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सफलतापूर्वक सुरक्षा के लिए 233 नव आरक्षी देश की सर्वोत्तम सेवा हेतु दृढ़ संकल्पित हैं।
कोविड -19 जैसे वैश्विक महामारी के कठिन परिस्थितियों में सीमित संसाधनों के बीच विगत 44 सप्ताहों से निरंतर कार्य कुशलता पूर्वक प्रशिक्षण देकर इन नव आरक्षीयों को प्रशिक्षित करने के लिए मैं 56 वीं बटालियन के कमांडेंट, प्रशिक्षण एवं प्रबंधन से जुड़े समस्त अधिकारियों एवं बल कार्मिकों की सराहना करता हूं एवं धन्यवाद देता हूं । साथ ही मानव जीवन की सर्वोत्तम सेवा देश सेवा की ओर अग्रसर होने के लिए समस्त नव आरक्षीयों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए मैं आप सभी को परिवार सहित हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देता हूँ।वर्तमान में सशस्त्र सीमा बल की विभिन्न भूमिकाओं में कुल 73 बटालियन तैनात हैं जिनमें से सीमा प्रबंधन के अंतर्गत उत्तराखंड से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक भारत-नेपाल एवं भारत भूटान की सीमाओं पर कार्यरत हैं इसके अतिरिक्त 5 बटालियन जम्मू कश्मीर में आंतरिक सुरक्षा ड्यूटी पर और 7 बटालियन बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ राज्य में नक्सल विरोधी अभियान पर सफलतापूर्वक कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
इसकेअतिरिक्त इस बल द्वारा अपने अपने कार्यक्षेत्र में नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न क्रियाकलापों जैसे:- निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर, निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर, बेरोजगार व ग्रामीण युवाओं के लिए निःशुल्क स्किल डेवलपमेंट कोर्स, गरीब व जरूरतमंद किसानों के लिए निःशुल्क कृषि उपकरण व उन्नत किस्म के बीज का वितरण, सीमावर्ती विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए निःशुल्क खेल सामग्री का वितरण भी किया जाता है। अंत में श्री सारंगी द्वारा समारोह पर उपस्थित समस्त अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर DM, SDM, बथनाहा कार्यक्षेत्र के अंतर्गत स्कूलों के प्रधानाध्यापक, समस्त सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि, 56वीं बटालियन के समस्त अधिकारी, अधीनस्त अधिकारी, फैमिली लाइन की समस्त महिलाएं बच्चे, समस्त कार्मिक, नवआरक्षीयों के परिवार जन बहुतायत संख्या में उपस्थित थे।
