दानापुर(आनंद मोहन): राजधानी में आदिवासी महिला से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। ताजा मामला शाहपुर थाना क्षेत्र में ईंट भट्टा पर एक आदिवासी महिला से दुष्कर्म, छेड़खानी करने और भगाने के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शाहपुर थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी सुबोध कुमार ने बताया कि शाहपुर में संचालित उमा ईंट भट्टा पर 28 वर्षीय एक महिला के साथ दुष्कर्म, छेड़खानी करने और भट्टा पर भगाने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित महिला दिल्ली में रहती हैं। ईंट भट्टा पर काम करने वाली रांची निवासी उसकी सहेली सोनी देवी ने उसको बुलाई थी। बीते 28 जुलाई को पीड़िता अपने 8 माह के बच्चे को लेकर आई थी। पीड़िता ने बताया कि 30 जुलाई को सोनी के साथ रहने वाला समशेर अंसारी ने जबरन दुष्कर्म किया। जिसकी जानकारी पीड़िता ने अपनी सहेली सोनी को दी। 31 जुलाई को भट्टा के मैनेजर नागेश्वर सिंह ने वाद विवाद को शांत कराने की बात करते हुए पीड़िता का हाथ पकड़कर छेड़खानी करने का प्रयास किया। पीड़िता ने जब विरोध करते हुए भट्टा पर हंगामा करने लगी। तब भट्टा के मुंशी मिथिलेश कुमार मिश्रा ने पीड़िता को जबरन एक अगस्त को भट्टा पर से भगा दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता के बयान पर विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान की जा रही है। पीड़ीता के बयान पर उसकी सहेली समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। चारों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। महिला को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
