बिहार

सत्य, निष्ठा और ईमानदारी के पथ पर 32 वर्ष : मृत्युंजय कुमार सिंह

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह ने पुलिस सेवा में अपने 32 वर्ष पूरे होने पर अपने सेवा अनुभवों और उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने कहा कि 32 वर्ष पूर्व आज ही के दिन सत्य, निष्ठा और ईमानदारी की शपथ लेकर खाकी वर्दी धारण की थी। इस लंबी यात्रा में हर मौसम, चुनौती और कठिन परिस्थिति का सामना करते हुए कानून की रक्षा और जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

मृत्युंजय कुमार सिंह ने कहा कि सेवा के दौरान सैकड़ों दुर्दांत एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी में भूमिका निभाई। पुलिस मुठभेड़ में 14 कुख्यात इनामी अपराधियों को मार गिराने में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए उन्हें राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्हें सैकड़ों अन्य पुरस्कार भी प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि बिहार में न्याय के साथ विकास की सरकार के दौरान भी वे अपने बैचमेट साथियों के साथ लगातार जनता की सेवा में जुटे रहे। वहीं बिहार पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पिछले 17 वर्षों से सदस्यों के सहयोग से उनकी आवाज को सरकार और पुलिस मुख्यालय तक पहुंचाने का कार्य करते आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि एसोसिएशन के माध्यम से पुलिसकर्मियों की विभिन्न मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किया गया। तेरह माह के वेतन, कैशलेस मेडिकल कार्ड और अंतिम चरण में प्रस्तावित पुलिस गेस्ट हाउस के निर्माण सहित हजारों सदस्यों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने ईमानदारी से प्रयास किया। मृत्युंजय कुमार सिंह ने अपनी 32 वर्षों की सेवा यात्रा को याद करते हुए कहा कि इस दौरान उन्होंने अपने सैकड़ों बैचमेट साथियों को खोया, जिन्होंने कर्तव्य के पथ पर अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने सभी वीर पुलिसकर्मियों को भावपूर्ण नमन और विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों का त्याग और समर्पण हमेशा राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए प्रेरणा देता रहेगा।

Related posts

IGIMS पटना में शिक्षक दिवस पर डॉक्टरों और कर्मचारियों ने साझा किए विचार

चौक थाना क्षेत्र में शराब और स्मैक के खिलाफ कार्रवाई, पांच गिरफ्तार!

बी प्राक की धुन पर झूमे श्रोता, भक्ति के साथ देशभक्ति के रंग में रंगा कृष्णोत्सव

error: