फुलवारीशरिफ, अजीत। नए बनाए गए ओपी एवं थानों में महिला पुलिसकर्मियों को गश्त और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पिंक स्कूटी उपलब्ध कराई गई है. अब महिला पुलिसकर्मी स्कूटी के सहारे अपने क्षेत्र में गश्त करेंगी और अपराधी गतिविधियों पर नजर रखेंगी।
स्कूटी मिलने से महिला पुलिसकर्मियों को किसी भी सूचना पर घटनास्थल तक जल्द पहुंचने में सुविधा होगी. खासकर महिला उत्पीड़न और अन्य आपराधिक मामलों में पीड़ितों की सूचना मिलने पर महिला पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंच सकेंगी. इससे आम लोगों को भी काफी फायदा होने की उम्मीद है।
परसा बाजार थाना अध्यक्ष मेनका रानी ने बताया कि सरकार द्वारा महिला पुलिसकर्मियों को गश्त और पुलिसिंग में सुविधा के लिए पिंक स्कूटी गिफ्ट में दी गई है. स्कूटी के माध्यम से महिला पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्र में गश्त करेंगी और अपराधी गतिविधियों को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी. उन्होंने कहा कि पीड़ित जनता द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस को मौके पर तुरंत पहुंचने में काफी मदद मिलेगी. इससे जहां आम लोगों को लाभ होगा, वहीं महिला पुलिसकर्मियों को भी अपने कर्तव्यों के निर्वहन में सहूलियत मिलेगी।
