बिहार

बरहमपुर की बदहाल सड़क-नाली व्यवस्था पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, दो दिन में समाधान नहीं तो सड़क जाम

फुलवारीशरीफ, अजीत। फुलवारी शरीफ नगर परिषद के वार्ड नंबर 28 स्थित बरहमपुर गांव में बदहाल सड़क और नाली व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित ग्रामीणों ने सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया. ग्रामीणों ने प्रशासन और नगर परिषद को दो दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मुख्य सड़क जाम कर आंदोलन किया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि मुख्यमंत्री आवास से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित बरहमपुर गांव में लोग आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रहे हैं. रानीपुर की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग वर्षों से बदहाल है और अब नाले में तब्दील हो चुका है. सड़क पर जलजमाव, कीचड़ और गंदगी के कारण पैदल चलना भी मुश्किल है।

ग्रामीणों के मुताबिक कुछ जगह नाले का निर्माण कराया गया, लेकिन पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई. नाले का पानी सड़क पर ही बहने के कारण सड़क लगातार टूटती जा रही है. बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बदहाल रास्ते पर आए दिन लोग गिरकर चोटिल होते हैं. कई लोगों के हाथ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कुछ लोगों की हड्डियां तक टूट चुकी हैं. इसके बावजूद सड़क और जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया।

ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक श्याम रजक, सांसद मीसा भारती, वार्ड पार्षद और नगर परिषद अध्यक्ष के प्रति भी नाराजगी जताई. उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों को जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर पहल करनी चाहिए। ग्रामीणों ने साफ कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा. दो दिनों के भीतर सड़क, नाली और जलनिकासी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण सड़क जाम कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Related posts

चौक थाना क्षेत्र में शराब और स्मैक के खिलाफ कार्रवाई, पांच गिरफ्तार!

सत्य, निष्ठा और ईमानदारी के पथ पर 32 वर्ष : मृत्युंजय कुमार सिंह

बी प्राक की धुन पर झूमे श्रोता, भक्ति के साथ देशभक्ति के रंग में रंगा कृष्णोत्सव

error: