बिहार

अंचल कार्यालय के बाहर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, लंबित कार्यों से नाराज लोगों ने किया प्रदर्शन

पटना, अजीत। फुलवारी शरीफ अंचल कार्यालय में गुरुवार को अंचलाधिकारी के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया. कुरकुरी पंचायत के मुखिया के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने अंचल कार्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि महीनों से विभिन्न सरकारी कार्य लंबित हैं और बार-बार अंचल कार्यालय का चक्कर लगाने के बावजूद उनका समाधान नहीं हो रहा है. प्रदर्शन के दौरान अंचलाधिकारी के कार्यालय में मौजूद नहीं रहने से लोगों की नाराजगी और बढ़ गई।

कुरकुरी पंचायत के मुखिया ने आरोप लगाया कि वर्तमान अंचलाधिकारी के पदभार संभालने के बाद से राजस्व और विकास से जुड़े अधिकांश कार्य लंबित पड़े हैं. उन्होंने कहा कि पहले लोगों के कार्य समय पर पूरे हो जाते थे, लेकिन अब फाइलें बिना कार्रवाई के पड़ी रहती हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गोनपुरा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य रामप्रवेश सिंह ने भी अंचलाधिकारी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सकरेचा में आयोजित सहयोग शिविर में भी अंचलाधिकारी मौजूद नहीं थीं, जबकि भूमि विवादों के समाधान की जिम्मेदारी उन्हीं की थी. उन्होंने आरोप लगाया कि जनसमस्याओं का समाधान करने के बजाय जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई और मुकदमा दर्ज कराने की बात कही जाती है.

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली में सुधार लाने और आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

फुलवारी शरीफ की अंचलाधिकारी प्रियंका कुमारी ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के चुनाव कार्य के कारण वह और अंचल कार्यालय के कई पदाधिकारी-कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में व्यस्त थे, जिससे कुछ मामलों के निष्पादन में देरी हुई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब सभी लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा कर दिया जाएगा।

Related posts

बिहार, साइबर अपराध पर सख्त : मुख्य सचिव और डीजीपी ने की जिलाधिकारियों-एसपी के साथ समीक्षा बैठक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार 2025 प्रदान किए

संत रविदास के समरसता संदेश को गांव-गांव पहुंचाएगी सरकार : सीएम

error: