शेखपुरा, उमेश कुमार : जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद की अध्यक्षता में शनिवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य सहकारिता योजनाओं को गति देना और किसानों के आर्थिक हितों की रक्षा करना था।
बैठक में डीएम ने कहा कि जिले के किसानों को सब्जी उत्पादों का सही और लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए ठोस व्यवस्था की जाए। इसके लिए जिला सहकारिता पदाधिकारी को जल्द तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया गया।
कटाई के बाद होने वाले नुकसान को रोकने के लिए जिले के सभी प्रखंडों में सब्जी गोदाम बनाए जाएंगे। डीएम ने चारों नगर निकायों में गोदाम निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का आदेश दिया।
प्याज उत्पादक किसानों को बाजार के उतार-चढ़ाव से बचाने के लिए विशेष प्याज भंडारण गोदाम भी बनेंगे। इसके लिए सभी अंचलाधिकारियों के साथ समन्वय कर जल्द भूमि चिह्नित करने को कहा गया।
डीएम ने जिले की सब्जी सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर उन्हें अधिक सक्रिय और जन उपयोगी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी, सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, प्राथमिक सब्जी सहकारी समितियों के सदस्य और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
