अररिया, रंजीत ठाकुर : विश्व तंबाकू निषेध दिवस के मौके पर शनिवार को जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में जागरूकता संबंधी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मौके पर स्वास्थ्य संस्थानों से जागरूकता रैली निकाली गयी। इस क्रम में जागरूकता संबंधी बैनर-पोस्टर व स्लोगन के माध्यम से लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए इसके सेवन से दूर रहने की अपील की गयी। मौके पर एनसीडीओ डॉ राजेंद्र कुमार की अगुआई में सदर अस्पताल में जागरूकता संबंधी कई कार्यक्रम आयोजित किये गये। अस्पताल से जागरूकता रैली निकाली गयी। वहीं पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को तंबाकू से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।
मौके पर अस्पताल के एनसीडीओ डॉ राजेश कुमार सहित अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ आकाश कुमार राय, वीडीसीओ रामकुमार, डॉ साइना, एफएलसी प्रभात रंजन, साइकोलोजिस्ट शुभम कुमार सहित अस्पताल के विभिन्न अधिकारी व कर्मी मौजूद थे। तंबाकू के प्रति युवाओं का बढ़ता आकर्षण चिंताजनक कार्यक्रम के दौरान एनसीडीओ डॉ राजेंद्र कुमार ने कहा कि देश में हर साल लाखों लोग तंबाकू से जुड़ी बीमारियों की वजह से अपनी जान गंवाते हैं। बावजूद इसके तंबाकू जनित उत्पाद के प्रति आज हमारे युवा वर्ग का आकर्षणतेजी से बढ़ रहा है। युवाओं को तंबाकू की बूरी लत से बचाने के लिये शिक्षा, संवाद व सामाजिक सहयोग की ज़रूरत है।
इसके लिये सामूहिक प्रयास को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।उन्होंने कहा कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस के मौके पर आयोजित जागरूकता संबंधी ऐसे कार्यक्रम समाज को एक स्वस्थ दिशा देने में कारगर साबित होगा। तंबाकू का सेवन कैंसर की मुख्य वजह होमी भाभा कैंसर अस्पताल व अनुसंधान केंद्र की चिकित्सक डॉ शाइना ने बताया कि तंबाकू का सेवन कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक है। इसलिये समाज में खास कर युवाओं को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना जरूरी है। ताकि तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का हमारा सपना साकार हो सके। इसके लिये जिला स्वास्थ्य समिति के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में विशेष जागरूकता व कैंसर स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किये जाने की जानकारी उन्होंने दी। डॉ शाइना ने कहा कि प्रारंभिक अवस्था में कैंसर की पहचान व समुचित इलाज से इससे पूरी तरह निजात पाना संभव है। इस लिये रोग से जुड़े किसी तरह का लक्षण होने पर तत्काल जांच को उन्होंने जरूरी बताया।
