बिहार

विशेष अभियान में 10 हजार से अधिक लोगों का हुआ टीकाकरण

अररिया(रंजीत ठाकुर): जिले में कोरोना टीकाकरण की प्रक्रिया को रफ्तार देने के उद्देश्य से सोमवार को जिले में विशेष टीकाकरण अभियान का संचालन किया गया। अभियान के तहत 10 हजार से अधिक लोगों को कोराना टीका का निर्धारित डोज लगाया गया। हलांकि अररिया प्रखंड में एएनएम के विरोध के कारण अभियान प्रभावित हुआ। बावजूद अभियान की उपलब्धि पर स्वास्थ्य अधिकारी संतुष्ट दिखे। अधिकारियों ने कहा कि अररिया प्रखंड को छोड़ कर शेष अन्य प्रखंडों में अभियान सफलता पूर्वक संचालित हुआ। अभियान के अनुश्रवण को लेकर राज्य स्तरीय पर्यवेक्षक आईडीएसपी के राज्य सर्विलांस पदाधिकारी डॉ रंजीत कुमार सिंह विभिन्न प्रखंडों में संचालित टीकाकरण केंद्रों का औचक निरीक्षण करते दिखे। इसके अलावा वरीय स्वास्थ्य अधिकारी व सहयोगी संस्था के प्रतिनिधियों को भी विभिन्न प्रखंडों में अभियान के अनुश्रवण की जिम्मेदारी सौंपी गयी थी।

10 हजार से अधिक लोगों का हुआ टीकाकरण :

जानकारी देते हुए डीआईओ डॉ मोईज ने बताया कि अभियान के क्रम में 1029 लोगों को टीका का पहला, 4765 लाभुकों को टीका का दूसरा व 4230 योग्य लाभुकों को प्रीकॉशन डोज का टीका लगाया गया। इस तरह अभियान के क्रम में 10, 026 लाभुकों को कोरोना का टीका लगाने की जानकारी उन्होंने दी. उन्होंने बताया कि सबसे कम टीकाकरण जहां अररिया प्रखंड में हुआ. वहीं भरगामा प्रखंड में सबसे अधिक 1573 लाभुकों को कोरोना का जरूरी टीका लगाया गया। अभियान से जुड़ी उपलब्धि की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि फारबिसगंज में 1562, सिकटी में 1327, जोकीहाट में 1214 लाभुकों को टीकाकृत किया गया। वहीं रानीगंज प्रखंड में 2098, नरपतगंज प्रखंड में 984, पलासी में 711, कुर्साकांटा में 546 व अररिया में महज 11 लोगों को टीकाकृत किये जाने की जानकारी उन्होंने दी।

Advertisements
Ad 1

टीकाकरण को लेकर की गयी थी जरूरी तैयारी :

कोरोना टीकाकरण को आयोजित अभियान की सफलता को लेकर इसके पर्यवेक्षण व अनुश्रवण को लेकर राज्य स्तर से सभी जिले में विशेष प्रतिनिधि प्रतिनियुक्त किये गये थे। जिले में अनुश्रवण की जिम्मेदारी आईडीएसपी के राज्य सर्विलांस पदाधिकारी डॉ रंजीत कुमार को सौंपी गयी थी। विभिन्न टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण कर लौटे राज्य स्तरीय पर्यवेक्षण पदाधिकारी डॉ रंजीत कुमार सिंह ने कहा कि रानीगंज, फारबिसगंज के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का उनके द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के नतीजे पर संतोष जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि टीकाकरण को लेकर सभी जरूरी तैयारी की गयी थी। कर्मी तय समय पर निर्धारित सत्र स्थल पर मौजूद दिखे। टीकाकरण के दौरान संबंधित क्षेत्र की आशा व सेविका द्वारा संबंधित क्षेत्र के लाभुकों को टीकाकरण के लिये प्रेरित करते नजर आये।

Related posts

सीवान में पुलिसकर्मियों का आपत्तिजनक वीडियो वायरल, एसपी ने दोनों को किया निलंबित

केंद्रीय राज्य मंत्री एस पी सिंह बघेल तख्त पटना साहिब नतमस्तक हुए

महावीर मंदिर में धूमधाम से मनाई गई जानकी नवमी, 24 घंटे का अष्टयाम कीर्तन शुरू

error: