पूर्णिया, (न्यूज़ क्राइम 24) टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में निक्षय मित्र योजना के तहत आज शानिवार को जिला यक्ष्मा केंद्र, पूर्णिया में 26 टीबी रोगियों के बीच पोषण सामग्री से युक्त फूड बास्केट का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम सिविल सर्जन पूर्णिया डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया एवं जिला संचारी रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. तनवीर हैदर के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। शनिवार को आयोजित यह कार्यक्रम एशियन हॉस्पिटल, पोस्टमार्टम रोड, लाइन बाजार, पूर्णिया के सौजन्य से टीबी रोगियों को फूड बास्केट के रूप में उपलब्ध कराया गया।
टीबी रोगियों के बेहतर उपचार के साथ-साथ उनके पोषण स्तर में सुधार भी अत्यंत आवश्यक है :
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि टीबी रोगियों के बेहतर उपचार के साथ-साथ उनके पोषण स्तर में सुधार भी अत्यंत आवश्यक है। निक्षय मित्र योजना के माध्यम से टीबी रोगियों को पोषण संबंधी सहयोग प्रदान कर उन्हें शीघ्र स्वस्थ होने में सहायता मिलती है। साथ ही, यह पहल टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
इस अवसर पर टीबी विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिनेश कुमार, डीपीएस राजेश शर्मा, एसटीएस राकेश कुमार सिंह, एसटीएलएस प्रिया सिंह, एएनएम राजिना मुर्मू सहित डब्ल्यूएचपी के सहयोगी अभिषेक कुमार, चंदन कुमार, साक्षी गुप्ता, मनीन्द्र कुमार एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
टीबी रोगियों एवं उनके परिजनों को पौष्टिक आहार, नियमित दवा सेवन एवं उपचार की निरंतरता के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया :
कार्यक्रम के माध्यम से टीबी रोगियों एवं उनके परिजनों को पौष्टिक आहार, नियमित दवा सेवन एवं उपचार की निरंतरता के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया। निक्षय मित्र योजना के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों एवं संस्थाओं से टीबी रोगियों को पोषण एवं अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की गई, ताकि सामूहिक प्रयास से टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
