फुलवारीशरीफ, अजीत। फुलवारी शरीफ में एम्स ओपी की पुलिस ने शनिवार को वाहन जांच के दौरान चोरी की बाइक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रानीपुर निवासी ओम प्रकाश कुमार (26) और एम्स नवादा निवासी सुरेंद्र कुमार (26) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार दोनों चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसका इस्तेमाल कर रहे थे।
शनिवार 24 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे एम्स गोलंबर के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक को रोककर जांच की. बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस व इंजन नंबर की जांच में गड़बड़ी सामने आयी. बाइक का असली नंबर बीआर 01 डीवाई 3054 था, जबकि उस पर बीआर 01 सीएस 5144 नंबर अंकित था।
पुलिस के अनुसार बाइक 7 अक्टूबर को बिरला कॉलोनी से चोरी हुई थी. इस संबंध में फुलवारी शरीफ थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. जांच के दौरान चोरी की बाइक बरामद होने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
एम्स ओपी प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की बाइक कहां खपायी जाती थी और इस मामले में गिरोह के अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं. पुलिस के अनुसार ओम प्रकाश पहले भी मोबाइल चोरी के आरोप में जेल जा चुका है।
