पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर पर्यावरण संरक्षण, हरियाली विस्तार और गौरैया संरक्षण की दिशा में कार्यरत प्रतिष्ठित गैर-सरकारी संस्था “छोटा सा प्रयास”, द्वारा आज चौक, पटना सिटी में एक वृक्ष वितरण अभियान का सफल आयोजन किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत स्थानीय निवासियों को विभिन्न प्रकार के पौधे जैसे नीम, पीपल, अमरूद, आम और गुलमोहर आदि नि:शुल्क वितरित किए गए। संस्था के स्वयंसेवकों और पर्यावरण प्रेमियों ने मिलकर सैकड़ों पौधे बांटे और लोगों को वृक्षारोपण के महत्व के बारे में जागरूक किया।
संस्था के संस्थापक पर्यावरण मित्र सुभाष कुमार कसेरा (अन्नू कसेरा) ने इस अवसर पर कहा, “आज के समय में हरियाली और जैव विविधता की रक्षा अत्यंत आवश्यक है। पेड़ो की घटती संख्या हमें चेतावनी देती है कि अब समय आ गया है जब हमें पर्यावरण के प्रति सजग होना होगा। हमारा यह छोटा सा प्रयास, एक बड़े परिवर्तन की ओर एक कदम है।”
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए बढ़-चढ़कर भाग लिया और पौधारोपण का संकल्प लिया। अभियान का मुख्य उद्देश्य न केवल पेड़ लगाना था, बल्कि हर नागरिक को प्रकृति से जोड़ने और गौरैया जैसे पक्षियों के अनुकूल वातावरण तैयार करना भी था।
“छोटा सा प्रयास” संस्था ने भविष्य में और भी ऐसे कई जागरूकता अभियान चलाने की घोषणा की है, ताकि पर्यावरणीय संतुलन बना रहे और आने वाली पीढ़ियों को एक हरा-भरा भविष्य मिल सके। इस पुनीत कार्य में राजीव वर्मा, संतोष अग्रहरि, शुभम कसेरा रामानंद यादव, विवेक कुमार, शक्ति कुमार, मयंक कसेरा, तेजस कसेरा, सिद्ध कसेरा, आरना कसेरा ने बढ़ चढ़ के हिस्सा लिया।
