बिहार

परसा बाजार थाना क्षेत्र में तीन नए ओपी का उद्घाटन, डीएसपी रंजन कुमार ने किया शुभारंभ

फुलवारीशरीफ, अजीत। परसा बाजार थाना क्षेत्र के विस्तृत भौगोलिक दायरे और बढ़ती आबादी को देखते हुए तीन नए पुलिस ओपी का उद्घाटन किया गया. पटना सदर डीएसपी-2 रंजन कुमार ने परसा बाजार थानाध्यक्ष मेनका रानी के साथ कुरथौल-दरियापुर, शिवनगर लक्ष्मण झूला और सकरैचा में नए ओपी का शुभारंभ किया।

डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि परसा बाजार थाना क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से काफी बड़ा है और आबादी भी लगातार बढ़ रही है. क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को बेहतर ढंग से नियंत्रित करने तथा लोगों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार द्वारा तीन नए ओपी शुरू किए गए हैं।

कुरथौल-दरियापुर ओपी में कृष्ण कुमार सिंह को प्रभारी बनाया गया है. वहीं शिवनगर लक्ष्मण झूला ओपी की कमान रितु कुमारी को सौंपी गई है. सकरैचा पंचायत भवन में शुरू किए गए सकरैचा ओपी का प्रभारी एसआई मिथिलेश कुमार को बनाया गया है।

शिवनगर लक्ष्मण झूला ओपी पटना-गया मुख्य मार्ग पर पूर्व मुखिया एवं सामाजिक कार्यकर्ता संतोष कुमार सिंह के मार्केट में शुरू किया गया है. डीएसपी ने बताया कि ओपी में शिकायत लेकर पहुंचने वाले पीड़ितों की समस्याओं पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी. पुलिसकर्मी पीड़ित द्वारा बताए गए घटनास्थल पर पहुंचकर घटना स्थल पर जाएंगे और समस्या के समाधान की दिशा में कार्रवाई शुरू करेंगे. आवेदन के आधार पर परसा बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर एम.ए. हैदरी, सकरैचा पंचायत के मुखिया एवं प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष मंटू यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Related posts

गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत 4,600 किसानों और 110 किसान समूहों ने किया ऑनलाइन आवेदन

राजद नेताओं ने दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं, कहा- भाई-बहन का प्यार सबसे अनमोल

पटना में पहली बार होगा भव्य कृष्णोत्सव, 2 से 4 सितंबर तक मिलर ग्राउंड में सजेगा आयोजन

error: