कटिहार, सरफराज गुड्डू : जिले के फलका थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरसंडा गांव स्थित वार्ड 15 में सावन की सोमवारी के दिन बरंडी नदी में जल भरने व स्नान करने गए सात बच्चे गहरे पानी में जाने से डूबने लगें। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर नदी किनारे मौजूद स्थानीय ग्रामीण फौरन पानी में कूदे और अदम्य साहस दिखाते हुए चार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि तीन मासूम गहरे पानी के तेज धार में फंसकर डूब गए। मृतकों में दो सगे भाई और उनका एक पड़ोसी शामिल है। ये सभी दोस्त सोमवारी पर्व के अवसर पर मोरसंडा गांव के सात दोस्तों के साथ गांव के समीप बहने वाली बरंडी नदी में स्नान करने गए थें।
इस दुखद हादसे की खबर फैलते ही पूरे मोरसंडा गांव में चीख-पुकार मच गई। और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और परिजनों के कड़ी मशक्कत के बाद तीनों डूबे बच्चों को बाहर निकाला और आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोढ़ा (सीएचसी) ले गए। अस्पताल में जांच के उपरांत डॉक्टरों ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान मोरसंडा गांव निवासी मनोज साह के 11 वर्षीय पुत्र अमन कुमार, विजय साह के 10 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार तथा चिरंजीव साह के पुत्र सत्यम कुमार के रूप में की गई है।
अस्पताल से शवों के गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय मुखिया अजहरुद्दीन उर्फ राजू नायक और उप प्रमुख प्रतिनिधि मोहम्मद इरशाद , उप मुखिया शेख शेरुद्दीन , वार्ड सदस्य असजद हुसैन , ने स्थानीय प्रशासन को इस घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने पर अवर निरीक्षक विवेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया। प्रखण्ड अधिकारियों की गैरहाजिरी पर ग्रामीण में नाराजगी। इतनी बड़ी घटना के बावजूद अंचल और प्रखंड मुख्यालय से किसी भी वरीय प्रशासनिक अधिकारी के मौके पर न पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई।
