पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने अखौरा सभागार, दानापुर कैन्ट, पटना में कारगिल विजय दिवस की रजत जयंती के अवसर पर आयोजित ‘वीर नारी सम्मान समारोह’ को संबोधित करते हुए कहा कि वीर नारियाँ हमारे देश की सम्पत्ति हैं, हमारे आदर्श हैं और उनसे हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि हमें अपने देश की सेना पर गर्व है। वे काफी कठिन परिस्थितियों में हमारे देश की रक्षा करते हैं। उन्होंने गोवा को मुक्त कराने में भारतीय सेना की कार्रवाई का भी उल्लेख किया। राज्यपाल ने कहा कि देश के हर व्यक्ति को दो वर्षों के लिए सेना का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए ताकि वे अनुशासित हो सकें और उनमें राष्ट्र भक्ति का भाव आ सके। राज्यपाल ने इस अवसर पर कारगिल विजय में शहीद होनेवाले वीर सैनिकों की पत्नियों, माता एवं पिता को सम्मानित किया।
कार्यक्रम को केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ एवं गुलमोहर मैत्री की सचिव मंजू सिन्हा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बिहार एवं झारखंड सब एरिया के जी॰ओ॰सी॰ मेजर जनरल विकास भारद्वाज, लेफ्टिनेंट जनरल (से॰नि॰) ए॰के॰ चौधरी, सैन्य अधिकारीगण, सैनिक एवं भूतपूर्व सैनिकगण, एवं उनके परिवारजन, अग्निवीर तथा अन्य लोग उपस्थित थे।
