बिहार

बाढ़ आने से पहले सरकार को करनी चाहिए थी तैयारी, अब घर-बार डूबने के बाद क्या करेंगे : मीसा भारती

फुलवारीशरीफ, अजीत। पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र की राजद सांसद डॉक्टर मीसा भारती ने रविवार को फुलवारी शरीफ और पुनपुन प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने प्रभावित गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया.

दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि बाढ़ आने से पहले ही सरकार को पर्याप्त तैयारी करनी चाहिए थी. अब जब बाढ़ आ गई और लोगों के घर-बार, फसल और अनाज तक पानी में डूब गए हैं, तब क्या किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों के सामने बेहद गंभीर संकट है और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है.

मीसा भारती ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि बाढ़ की आशंका और स्थिति की जानकारी पहले से होने के बावजूद समय रहते पर्याप्त तैयारी नहीं की गई. उन्होंने कमजोर तटबंधों की सुरक्षा और कटाव रोकने के लिए भी पहले से प्रभावी इंतजाम नहीं किए जाने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा कि कई बाढ़ प्रभावित गांवों में बड़ी मात्रा में पानी भर गया है. किसानों की फसल बर्बाद हो रही है और लोगों के सामने भोजन, दवा और दूसरी जरूरी जरूरतों का संकट पैदा हो गया है. उन्होंने प्रभावित परिवारों तक पर्याप्त राहत सामग्री नहीं पहुंचने का भी आरोप लगाया।

राजद सांसद ने सरकार से मांग की कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज किया जाए तथा जरूरतमंद परिवारों तक भोजन, दवा और अन्य आवश्यक सामग्री तत्काल पहुंचाई जाए. उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था करने की मांग की। मीसा भारती ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली सूअरों के बढ़ते आतंक का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि बाढ़ से पहले ही परेशान ग्रामीणों के सामने जंगली सूअरों का आतंक अतिरिक्त परेशानी बन गया है. सरकार को ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

Related posts

पटना सिटी में 10-11 सितंबर को भादो वदी अमावस्या महोत्सव, 501 महिलाओं का होगा मंगल पाठ

बाढ़ प्रभावितों की सुरक्षा, मदद और राहत के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

पर्यूषण महापर्व आज से, आत्मशुद्धि और संयम की आराधना में जुटे जैन श्रद्धालु

error: